चैतन्य भारत न्यूज
पंजाब पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है जो अलग-अलग मोबाइल नंबर से पंजाबी फिल्म प्रोड्यूसर का नाम लेकर मॉडल्स को फोन करता था। इतना ही नहीं बल्कि आरोपित लड़कियों को फिल्म इंडस्ट्री में काम दिलवाने का लालच देकर उनसे न्यूड व अश्लील फोटो मांगता था। जैसे ही प्रोड्यूसर को इसकी भनक लगी, उसने तुरंत इस बारे में एसएसपी मोहाली को शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शख्स को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए इस शख्स का नाम ओबेद अफरीदी है जो मूल रूप से दिल्ली का रहने वाला है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, ओबेद अफरीदी खुद भी फिल्म लाइन में काम करता है। सूत्रों के मुताबिक, वह पेशे से फोटोग्राफर है। गुनबीर सिंह निवासी इंडस्ट्रियल एरिया फेज-8बी मोहाली ने एसएसपी मोहाली को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में उसने बताया कि वह पंजाबी फिल्म प्रोड्यूसर व व्हाइट हिल्स स्टूडियो कंपनी का मालिक है।
उसे पता चला कि कोई व्यक्ति उसका (गुनबीर सिंह) नाम प्रयोग करके मॉडल लड़कियों को फोन कर रहा था। वह लड़कियों को फिल्मों व गीतों में मॉडल के तौर पर सेटल करवाने का लालच देकर उनकी अश्लील फोटोग्राफ मंगवा रहा था। जानकारी के मुताबिक, उसने पुलिस को वे सभी मोबाइल नंबर भी दिए जिनसे वह लड़कियों को फोन करता था। इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।