चैतन्य भारत न्यूज
देवास. आदवासी गांव बोरी में एक गर्भवती महिला को सांप ने डस लिया। बताया जा रहा है कि महिला मंगलवार शाम को घर के पास बाड़े में सब्जी तोड़ रही थी। इस दौरान उसे सांप ने डस लिया। घटना के बाद परिजन महिला को बागली के निजी अस्पताल लेकर गए जहां महिला ने रात 8 बजे लड़के को जन्म देने के बाद दम तोड़ दिया। फिलहाल नवजात स्वस्थ और सुरक्षित है।
डॉक्टर और विशेषज्ञों का कहना है कि, गर्भवती महिला व बच्चे के बीच प्लेसेंटल बैरियर (झिल्ली) रहता है। इसके चलते गर्भवती महिला के शरीर में फैला जहर बच्चे के शरीर तक नहीं पहुंचा और बच्चा सुरक्षित बच गया। खबरों के मुताबिक, मृतका बाईसा बाई अपने पति रंजीत के साथ बच्चे के जन्म का इंतजार कर रही थी। प्रसव का समय भी पूरा हो चुका था और जल्द ही घर में खुशियां आने वाली थी। इसी बीच बाईसा बाई मंगलवार को शाम के खाने की व्यवस्था के लिए बाड़े से ताजी भिंडी तोड़ने गई थी। इस दौरान उनको सांप ने डस लिया। बाईसा बाई की चीख से चारों और अफरातफरी मच गई।
इसके बाद उसकी सास और पति रंजीत ग्रामीणों की मदद से उसे बागली ले गए। इसी दौरान बाईसा बाई को प्रसव पीड़ा होने लगी जिससे परिजन घबरा गए। फिर बागली के निजी अस्पताल में स्वस्थ पुत्र को जन्म देकर बाईसा बाई की मौत हो गई। निजी अस्पताल के डॉक्टर जॉन जोसफ ने बताया कि, ‘गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया। महिला को बहुत ही जहरीले सांप ने डसा था। इलाज के दौरान उसकी मौत हाे गई लेकिन नवजात पूरी तरह से स्वस्थ व सुरक्षित है।’
विशेषज्ञों का कहना है कि, ‘गर्भवती महिला और बच्चे के बीच एक बैरियर रहता है। कुछ ऐसी चीजें हैं, जो मां से बच्चे तक नहीं जाती है और कुछ बच्चे से मां के पास नहीं आती हैं। इसलिए महिला के शरीर में फैला जहर बच्चे तक नहीं पहुंचा।’