चैतन्य भारत न्यूज
हिंदू धर्म में कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी को धनतेरस का पर्व मनाया जाता है। इस वर्ष धनतेरस दो दिन मनेगी। पारंपरिक पंचांगों की गणना के अनुसार धनतेरस का पर्व 12 नवंबर गुरुवार को तो आधुनिक पंचांगों के अनुसार 13 नवंबर शुक्रवार को है। धनतेरस के दिन खरीदारी करना बेहद शुभ माना जाता है। धन की देवी मां लक्ष्मी जी की भी विशेष पूजा की जाती है।
मान्यता है कि धनतेरस के दिन जिस वस्तु की खरीदारी की जाएगी उसमें 13 गुणा वृद्धि होती है। ज्योतिषों के मुताबिक, इस बार धनतेरस पर शुभ संयोग बन रहा है जिससे अधिक लाभ होगा। आइए जानते हैं इस साल के धनतेरस पर बन रहे संयोग के बारे में।
धनतेरस पर शुभ संयोग
13 नवंबर को त्रयोदशी पर्वकालीन के साथ उदयकाल में भी है, जो श्रेष्ठ है। 13 नवंबर को पर्वकालीन त्रयोदशी, शुक्रवार, चित्रा, स्वाति नक्षत्र का संयोग, प्रीति और आयुष्मान योग एवं बुधादित्य योग इस पर्व को कुछ खास बना रहे हैं। इस दौरान पूजा करने से आपको विशेष लाभ की प्राप्त होगी।
धनतेरस पर क्यों खरीदते हैं बर्तन?
कहा जाता है कि, कार्तिक कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी को भगवान धनवंतरि कलश लेकर प्रकट हुए थे इसलिए इस तिथि को बर्तन खरीदने की परंपरा है। माना जाता है कि धनतेरस के दिन आप जितनी खरीदारी करते हैं, उसमें 13 गुणा वृद्धि होती है। त्रयोदशी के शुभ दिन धन की देवी लक्ष्मी के साथ भगवान गणेश और भगवान कुबेर की पूजा करने की प्रथा है।