चैतन्य भारत न्यूज
पूरी दुनिया में भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी को ‘कैप्टन कूल’ के नाम से जाना जाता है क्योंकि धोनी किसी भी परिस्थिति में हमेशा शांत रहते हैं। लेकिन गुरुवार को जयपुर में खेले गए आईपीएल मैच में कुछ ऐसा हो गया कि धोनी अपना आप खो बैठे और फिर वे आचार संहिता के उल्लंघन के दोषी पाए गए। राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच जयपुर में खेले गए मैच के बाद धोनी पर आचार संहिता के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
When MS Dhoni lost his cool https://t.co/8EbqKzleXR via @ipl
— bishwa mohan mishra (@mohanbishwa) April 12, 2019
वीडियो क्रेडिट बिश्वा मोहन मिश्रा
मैच के आखिरी ओवर में घटी यह घटना
मैच के आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर धोनी के आउट होने के बाद चेन्नई टीम को जीत के लिए 3 गेंदों में 8 रनों की जरुरत थी। धोनी के आउट होने के बाद मैदान में मिशेल सेंटनर बल्लेबाजी के लिए आए। आखिरी ओवर का जिम्मा राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाज बेन स्टोक्स के पास था। स्टोक्स ने इस ओवर की चौथी गेंद मिशेल सेंटनर को डाली जिस पर उन्होंने दौड़ कर 2 रन ले लिए। अंपायरों ने स्टोक्स की इस गेंद को पहले तो नो बॉल दे दिया और फिर उन्होंने तुरंत ही अपना फैसला वापस भी ले लिया। अंपायरों के इस फैसले से धोनी इतने नाराज हो गए कि वह अपना आप खो बैठे और मैदान में घुस आए। इस दौरान धोनी और अंपायरों की कहासुनी हुई।
ये है बवाल का कारण
धोनी और अंपायरों के बीच गेंद पर बावल इसलिए हुआ क्योंकि बेन स्टोक्स द्वारा डाली गई इस बॉल को लेकर चेन्नई का कहना था कि गेंद कमर से ऊपर थी इसलिए नो बॉल करार दी जानी चाहिए थी। लेकिन अंपायरों ने तुरंत फैसला बदल लिया जिसके कारण धोनी को मैदान में आना पड़ा। धोनी से बहस करने के बाद भी दोनों अंपायर अपने फैसले पर कायम रहे और चेन्नई को नो बॉल नहीं मिली। अंत में जब दो बॉल बची थी तो पांचवीं गेंद पर सैंटनर ने दो रन लिए। इसके बाद आखिरी गेंद पर चेन्नई टीम को जीतने के लिए चार रन की जरूरत थी और फिर अगली गेंद वाइड हो गई। अंत में बची एक गेंद पर चेन्नई टीम को तीन रन बनाने थे। ऐसे में सेंटनर ने अंतिम गेंद पर छक्का मारकर अपनी टीम को जीत दिलाई।
धोनी के बर्ताव से लक्ष्मण नाराज
धोनी को बहुत कम बार ही आपा खोते हुए देखा गया है। मैदान में घुसकर अंपायरों से बहस करने पर टीवी कॉमेंट्री कर रहे क्रिकेट विशेषज्ञों ने धोनी की निंदा की। टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने धोनी के इस व्यवहार को गलत बताया। जनता भी धोनी का बर्ताव देख हैरान है क्योंकि किसी को भी उनसे ऐसी उम्मीद नहीं थी। जानकारी के मुताबिक, धोनी ने आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.20 के तहत लेवल 2 का अपराध स्वीकार कर लिया है. बता दें अनुच्छेद 2.20 खेल भावना के विपरीत आचरण से जुड़ा है.