चैतन्य भारत न्यूज
देशभर में दिवाली उत्सव का माहौल बना हुआ है। इस बड़े पर्व पर मध्य प्रदेश के रतलाम शहर के माणक चौक में स्थित महालक्ष्मी मंदिर बेशकीमती जेवरों और लाखों के नोटों से सजाया गया।
यहां पर धन की देवी के लिए 500 रुपए तक के नोटों से खास बंदनवार बनाया जाता है। इतना ही नहीं बल्कि यहां पर प्रसाद के रूप में भक्तों को सोने-चांदी के सिक्के या फिर गहने मिलते हैं। दिवाली के मौके पर यहां अद्भुत नजारा देखने को मिलता है। मंदिर में धनतेरस से लेकर पांच दिन तक दीपोत्सव का आयोजन किया जाता है। दिवाली के दिन इस मंदिर के कपाट 24 घंटे खुले रहते हैं।
दरअसल महालक्ष्मी के इस मंदिर में सालों से गहने और राशि चढ़ाने की परंपरा रही है। इस भेंट को बकायदा रजिस्टर में नाम के साथ नोट भी किया जाता है। जिसके बाद दिवाली के दिन रिकॉर्ड के ही आधार पर भक्तों को सब कुछ प्रसाद के रूप में लौटा दिया जाता है।
लोगों का मानना है कि ऐसा करने से उनके घरों में हमेशा मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है। कहा जाता है कि पहले यहां के राजा राज्य की समृद्धि के लिए मंदिर में धन आदि चढ़ाते थे और अब भक्त भी जेवर, पैसे मंदिर में चढ़ाने लगे हैं।
जानकारी के मुताबिक, पिछले साल इस मंदिर को 80 करोड़ रुपए के नोटों और सोने से सजाया गया था। मंदिर में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। यहां एक भक्त ने नगदी के साथ नोट गिनने की मशीन भी दी है। पूर्व में भी एक भक्त ने नोट गिनने की मशीन दी थी।