चैतन्य भारत न्यूज
जूनागढ़. वन्यजीवों का बदलता व्यवहार एक बार फिर चर्चा में है। एशियाटिक लायन या शेरों के लिए विख्यात गुजरात के गिर अभयारण्य का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक कुत्ते के आक्रामक रुख को देखकर शेरनी पीछे हट रही है। वीडियो सासण सफारी पार्क में घूमने आए पर्यटकों ने बनाया है। वीडियो में कुत्ता लगातार भौंकता हुआ बहुत आक्रामक दिखाई दे रहा है। अपनी इसी आक्रामकता के चलते वह झपट्टा मारती हुई शेरनी को खदेड़ देता है और शेरनी शांत हो जाती है।
वन्य जीव विशेषज्ञ इसे जंगली जानवरों के व्यवहार में आ रहे बदलाव से जोड़ते हैं। उनकी स्पष्ट राय है कि पार्क में तैयार खुराक दिए जाने से शेरों में शिकार की आदत खत्म होती जा रही है। इसी वजह से शेरों के आक्रमण और शिकार की क्षमता अब खत्म होती जा रही है। सेवानिवृत्त क्षेत्रीय वन अधिकारी बालकृष्ण दवे ने दैनिक भास्कर को बताया कि कि सरकार ने सर्कस तो बंद करवा दिए हैं लेकिन पार्क में वीआइपी के लिए शेर दिखाने का सर्कस बदस्तूर जारी है।
Need this much confidence in life. Dog vs Lion. It also highlights issue of stray dogs & wildlife interaction. @zubinashara pic.twitter.com/lNu7X4ALm5
— Parveen Kaswan, IFS (@ParveenKaswan) January 10, 2021
इस टूरिज्म रूट के कारण ज्यादातर शेरों की स्थिति पालतू कुत्तों जैसी हो गई है क्योंकि उन्हें तैयार खुराक मिल जाती है। जहां से खुराक मिलती है वे वहीं आसपास घूमते रहते हैं और शिकार की मशक्कत में नहीं पड़ते। यह क्रम नहीं रुका तो ऐसी चौकाने वाली घटनाएं देखने को मिलती रहेंगी। शेर को जंगल का राजा कहा जाता है वह कुत्ते का शिकार नहीं करता लेकिन चुनौती देने वाले कुत्ते का मार जरूर सकता है। इस वीडियो में तो ऐसा भी नहीं दिख रहा है।