चैतन्य भारत न्यूज
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी पहली भारत यात्रा पर है। ट्रंप के साथ उनकी पत्नी और अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप भी आई हुईं है। ऐसे में ये जानना चाहिए कि डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया ट्रंप की प्रेम कहानी कैसी थी। दोनों कैसे मिले और फिर कब उनकी शादी हुई।
पार्टी में हुई थी पहली मुलाकात
डोनाल्ड और मेलानिया की प्रेम कहानी 22 साल पहले यानी 1998 में शुरू हुई थी। उस वक्त ट्रंप 52 साल के थे तो वहीं मेलानिया 28 साल की थीं। उस दौरान डोनाल्ड पॉलीटिक्स से दूर एक रियल एस्टेट बिजनेसमैन थे। न्यूयॉर्क सिटी फैशन वीक के दौरान डोनाल्ड और मेलानिया पहली बार मिले। इस दौरान एक पार्टी रखी गई थी जिसमें ट्रंप की नजर मेलानिया पर पड़ी। मेलानिया को देखते ही ट्रंप उन्हें प्यार कर बैठे थे।
पार्टी में 5 मिनट की बातचीत में ही ट्रंप ने मेलानिया से टेलीफोन नंबर भी मांग लिया। शुरुआत में मेलानिया थोड़ी हिचकिचाईं, लेकिन उन्होंने नंबर दे दिया। एक हफ्ते बाद डोनाल्ड ने मेलानिया को कॉल किया। इसके बाद पहली बार दोनों डेट पर गए। इसी के बाद से डोनाल्ड और मेलानिया की मुलाकात की चर्चाएं होने लगीं और दोनों का अफेयर खूब सुर्खियां बटोरने लगा। मेलानिया से मिलने से पहले ट्रंप 2 शादी कर चुके थे और दूसरी पत्नी मारला मेपल से उनका तलाक होने वाला था।
साल 2004 में की सगाई
साल 2004 में मेलानिया और डोनाल्ड ने सगाई कर ली। इसके ठीक एक साल बाद 22 जनवरी 2005 को इन्होंने फ्लोरिडा के पाम बीच स्थित बेथेस्डा बाय द सी के एपिस्कोपल चर्च में शादी कर ली। इसके बाद दंपत्ति ने डोनाल्ड ट्रंप के पैतृक निवास स्थान बॉलरुम में शानदार रिसेप्शन दिया। इस शादी में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और उनकी पत्नी हिलेरी क्लिंटन समेत राजनीति और बिजनेस से जुड़ी नामचीन हस्तियां शामिल हुईं। 20 मार्च 2006 को मेलानिया ने एक बेटे को जन्म दिया। जिसका नाम बैरन विलियम ट्रंप रखा गया। राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ने से लेकर अमेरिका का राष्ट्रपति बनने तक मेलानिया साये की तरह डोनाल्ड ट्रंप के साथ रही हैं।