चैतन्य भारत न्यूज
मोहाली. पंजाब पुलिस में ‘सिंघम’ के नाम से चर्चित डीएसपी अतुल सोनी पर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। डीएसपी पर आरोप है कि उन्होंने अपनी पत्नी सुनिता सोनी पर गोली चलाकर जान से मारने की कोशिश की। मामला दर्ज होने के बाद से अतुल सोनी घर से गायब है। यह घटना शनिवार रात की है। अतुल सोनी इस समय 82-बटालियन चंडीगढ़ में डीएसपी पद पर तैनात हैं जबकि इससे पहले वे डीएसपी के पद पर फतेहगढ़ साहिब में तैनात थे।
पार्टी में हुई कहासुनी
जानकारी के मुताबिक, अतुल शनिवार को देर रात एक पार्टी से घर लौटे थे। देर रात घर पहुंचने के कारण पत्नी ने घर का दरवाजा देरी से खोला। इस बात से डीएसपी इतना गुस्सा गए कि उन्होंने पत्नी पर गोली चला दी। हालांकि गोली उनकी पत्नी को नहीं लगी। हमले के बाद डीएसपी की पत्नी मोहाली के थाना आठ फेस पहुंची और उनके खिलाफ शिकायत दी। सुनीता का आरोप है कि, उनके पति अतुल ने शनिवार रात ढाई बजे जान से मारने की नीयत से गोली चला दी लेकिन गनीमत यह रही कि वह बच गई। सुनीता ने पुलिस को प्राइवेट पिस्टल, मौके पर चला हुआ एक कारतूस का खोल व एक जिंदा कारतूस रिकवर करवाया है।
बेटे ने बचाई जान
कहा जा रहा है कि, पार्टी में ही दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी। इसके बाद उनकी पत्नी सुनीता अलग गाड़ी में पहले घर पर आ गई थी लेकिन अतुल बाद में घर पहुंचे। जिसके बाद घर आकर कुंडी देर से खोलने को लेकर दोनों में फिर बहस हुई और गुस्साए अतुल ने अपनी पत्नी पर प्राइवेट पिस्टल से गोली चला दी। लेकिन वहां पास में खड़े बेटे ने मां को समय रहते धक्का दे दिया, जिससे गोली सोफे के पास जाकर लगी। झगड़े और उसके बाद गोली चलाने के मामले को लेकर पत्नी सुनीता ने बिना देरी किए मोहाली पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया।
विवादों से पुराना नाता
बता दें डीएसपी अतुल सोनी का विवादों से पुराना नाता रहा है। साल 2012 में उन्हें इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 46 कारतूसों के साथ पकड़ा गया था। उस समय वह विदेश जा रहे थे। अतुल प्रमोशन से पहले मोहाली और रोपड में सीआईए के इंचार्ज भी रहे हैं। जब वह मोहाली में सीआईए के इंचार्ज थे तो उस समय अचानक उनको बदल दिया गया था, क्योंकि उनके खिलाफ कुछ शिकायतें मिली थीं।
‘सिंघम’ के नाम से मशहूर
अतुल सोनी अपनी फिटनेस को लेकर काफी चर्चित हैं। वह घंटों जिम में बिताते हैं। इसके अलावा डीएसपी को अपने काम के कारण ‘सिंघम’ के नाम से भी जाना जाता है। इतना ही नहीं बल्कि वह छोटे व बड़े पर्दे पर भी धमाल मचा चुके हैं। वह कई पंजाबी एलबमों व फिल्मों में भी काम कर चुके हैं।