चैतन्य भारत न्यूज
मुंबई. महाराष्ट्र के सारंगखेड़ा में आयोजित चेतक उत्सव में राजस्थान, पंजाब, हरियाणा समेत अन्य राज्यों से करीब 500 घोड़े आए हैं। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा शान नाम के घोड़े की रही। दरअसल ये घोड़ा नहीं कई रईसों का सपना हो सकता है, क्योंकि यह इतना महंगा है कि इसकी कीमत में दो बेंटले कार आ जाए। इसकी कीमत 10 करोड़ लगाई गई है।
इस घोड़े के मालिक तारा सिंह पंजाब के अमृतसर में रहते हैं। उन्होंने बताया कि, शान मारवाड़ी नस्ल का घोड़ा है। शान अभी देश में घुड़दौड़ का चैंपियन है। यह एक एक्सप्रेस ट्रेन की गति से दौड़ता है। इसकी अधिकतम गति 80 किलोमीटर प्रति घंटा है। जानकारी के मुताबिक, शान की उम्र पांच साल है और इसकी ऊंचाई 5.5 फीट है।
यह अब तक पांच बार घुड़दौड़ चैंपियन रह चुका है। यह घोड़ा दो बार मुक्तसर मेले में, एक बार पटियाला में, एक बार जोधपुर व एक बार पुष्कर राजस्थान के मेले में चैंपियन रहा। तारा सिंह ने बताया कि, शान रोजाना करीब 100 ग्राम देसी घी खिलाया जाता है। सामान्य भोजन में चने और जौ के दाने खाता है। शान रोजाना 500 रुपए का चारा खाता है। इसे लोग द ब्यूटी ऑफ हॉर्स भी कहते हैं।
एक माह का खर्च 1 लाख रुपए
तारा सिंह के मुताबिक, शान का एक माह का खर्च 1 लाख रुपए है। इसकी सेवा में दो सेवादार लगे हैं, जो 24 घंटे शान के साथ रहते हैं। मालिक ने बताया वे दो पुश्तों से शान का परिवार संभाल रहे हैं। शान के दादा एहसान व पिता का नाम शानदार था। शान के पिता व दादा ने भी कई घुड़दौड़ स्पर्धाएं जीती हैं। वहीं चेतक उत्सव समिति के अध्यक्ष जयपालसिंह ने बताया कि, सारंगखेड़ा में शान की शान कायम है। यहां उसे शाही महल में रखा है। मेले की प्रदर्शनी में कुछ देर के लिए आता है।