चैतन्य भारत न्यूज
तरनतारन. पंजाब के तरनतारन जिले में शनिवार को धार्मिक जुलूस के दौरान हुए पटाखा विस्फोट में 2 लोगों की मौत हो गई। वहीं हादसे में 9 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की भी खबर है। बताया जा रहा है कि नगर कीर्तन के दौरान आतिशबाजी के लिए ट्रैक्टर की ट्रॉली में पटाखे ले जाए जा रहे थे। इस बीच अचानक आग लग गई और पटाखे फट गए। इस धमाके के बाद अफरा-तफरी मच गई।
खबरों के मुताबिक, धमाका इतना जबरदस्त था कि ट्रॉली के परखच्चे उड़ गए और साथ चल रहे कई लोग इसकी चपेट में आ गए। नगर कीर्तन में शामिल होने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचे हुए थे। इनमें कई बच्चे, महिलाएं और बूढ़े भी शामिल थे। यह नगर कीर्तन बाबा दीप सिंह के जन्मदिन पर निकाला जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक जुलूस के दौरान लोग पटाखे छोड़ रहे थे। ऐसे में काफी मात्रा में पटाखे ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लदे थे। पटाखों में चिंगारी पहुंचने की वजह से यह विस्फोट हुआ। चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने घटना की जांच के लिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए मुआवजा और स्थानीय अस्पताल में भर्ती घायलों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने की घोषणा की है।
बता दें कि तरनतारन सीमांत जिला है। इसकी सीमा पाकिस्तान से सटी है। घटनास्थल पाक सीमा से लगभग 40 किलोमीटर दूर है। पुलिस फिलहाल घटना की जांच कर रही है।