चैतन्य भारत न्यूज
नई दिल्ली. मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस जियो और मार्क जुकरबर्ग की कंपनी फेसबुक में पार्टनरशिप के बाद अंबानी एशिया के सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। फेसबुक ने रिलायंस जियो में 9.99 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी है। फेसबुक के साथ हुए इस सौदे के बाद मुकेश अंबानी एक बार फिर एशिया के सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में चीन में अलीबाबा के संस्थापक जैक मा को पीछे छोड़ दिया है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में बुधवार को शानदार उछाल
बता दें फेसबुक ने 5.7 अरब डॉलर यानी करीब 43,574 करोड़ रुपए का निवेश रिलायंस जियो में किया है। ये भारत में किसी कंपनी में माइनॉरिटी हिस्सदेारी के लिए अब तक का सबसे बड़ा प्रत्यक्ष विदेशी निवेश यानी एफडीआई है। फेसबुक के निवेश के बाद जियो प्लेटफॉर्म्स का वैल्यूएशन करीब 4.75 लाख करोड़ रुपए तक जा पहुंचेगा। इस डील की खबर से बुधवार को शेयर बाजार में रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 9.83 फीसदी चढ़कर 1359 रुपए पर बंद हुए। इस डील के बाद जैक मा के मुकाबले अंबानी की संपत्ति 3.5 अरब डॉलर ज्यादा हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार यानी 21 अप्रैल तक मुकेश अंबानी की संपत्ति 14 अरब डॉलर तक गिर गई थी। वहीं मंगलवार को जैक मा की संपत्ति में 1 अरब डॉलर की कमी आई थी।
अंबानी ने किया इस डील का स्वागत
मुकेश अंबानी ने लॉन्ग टर्म साझेदारी के तहत फेसबुक का स्वागत किया है। उनका कहना है कि, फेसबुक के साथ इस करार से डिजिटल इंडिया का मिशन पूरा होगा। वहीं इस डील से भारत में फेसबुक की पैठ और बढ़ेगी। अंबानी ने आगे कहा कि, ‘2016 में जब हमने जियो की शुरुआत की थी तो हमने एक सपना देखा था। ये सपना था भारत के ‘डिजिटल सर्वोदय’ का। ये सपना था भारत में एक ऐसी समावेशी डिजिटल क्रांति का जिससे हर भारतीय की जिंदगी बेहतर हो सके। सपना, एक ऐसी क्रांति का जो उसे ‘डिजिटल दुनिया’ के शिखर तक पहुंचा सके। इसलिए भारत के डिजिटल इकोसिस्टम को विकसित करने और बदलने के लिए हम अपने दीर्घकालिक साझेदार के रूप में फेसबुक का स्वागत करते हैं। जियो और फेसबुक के बीच तालमेल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया के सपने को साकार करने में मदद करेगा।’