चैतन्य भारत न्यूज
नई दिल्ली. देश आज अपना 72वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। आज हम आपको बताने जा रहे हैं देश में पहली बार गणतंत्र दिवस कब और कैसे मनाया गया था।
कब मनाया गया पहला गणतंत्र दिवस?
70 साल पहले देश की राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस की परेड पुराना किला के सामने ब्रिटिश स्टेडियम में हुई थी। इस जगह आज दिल्ली का चिड़ियाघर है और स्टेडियम की जगह पर नेशनल स्टेडियम मौजूद है। 26 जनवरी, 1950 को हमें भारत का संविधान और डॉ. राजेंद्र प्रसाद के रूप में भारत के प्रथम राष्ट्रपति मिले थे। पहला गणतंत्र दिवस मनाते हुए प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने भारतीय तिरंगा फहराया था।
संविधान लागू के 6 मिनट बाद मिले पहले राष्ट्रपति
जानकारी के मुताबिक, 26 जनवरी 1950 को सुबह 10:18 मिनट पर भारत का संविधान लागू किया गया था। इसके कुछ ही मिनट बाद 10:24 पर डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी। राजेंद्र प्रसाद ने उसी दिन 26 जनवरी को राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया था। साल 1950 में ही गणतंत्र दिवस पर अतिथि बुलाने की परंपरा की भी शुरुआत हुई थी। पहले गणतंत्र दिवस पर इंडोनेशिया के तत्कालीन राष्ट्रपति सुकर्णो मुख्य अतिथि बनकर आए थे। इस दिवस को मनाते हुए सेना द्वारा परेड की गई और तोपों की सलामी दी गई थी। परेड में सशस्त्र सेना के तीनों बलों ने हिस्सा लिया था।
अलग-अलग जगहें मनाया जाता था गणतंत्र दिवस
1950 और 1954 के बीच भारत में गणतंत्र दिवस समारोह के लिए एक निश्चित स्थान नहीं था। शुरुआत में इसे लाल किला, नेशनल स्टेडियम, किंग्सवे कैंप और फिर रामलीला मैदान में आयोजित किया गया था। इसके बाद साल 1955 में पहली बार राजपथ को गणतंत्र दिवस मनाने के स्थायी स्थान के रूप में चुना गया।