चैतन्य भारत न्यूज
राष्ट्रपिता और अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी की आज (2 अक्टूबर) 150वीं जयंती है। इस खास मौके पर आज हम आपको बताएंगे महात्मा गांधी से जुड़ा एक ऐसा किस्सा जिसे बहुत कम लोग जानते हैं। सादा-जीवन जीवन जीने वाले महात्मा गांधी को सरला देवी चौधरानी से प्रेम हो गया था।
सरला देवी चौधरानी प्रगतिशील महिला थीं और उस वक्त लाहौर में अपने पति के साथ रहती थीं। कहा जाता है कि प्रसिद्ध इतिहासकार रामचंद्र गुहा ने अपनी किताब में इस बात का जिक्र भी किया है। बता दें सरला देवी, गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की बहन की बेटी थीं। रवीन्द्रनाथ टैगोर की तरह ही सरला देवी भी कविताएं लिखती थीं। वह बेहतरीन गायिका भी थीं।
वह अक्सर अंग्रेजों से आजादी दिलाने के लिए होने वाली बैठकों के दौरान गाना गाया करती थीं। महात्मा गांधी को सरला देवी की आवाज बहुत पसंद थी। गाना गाने के दौरान गांधी जी को सरला से प्रेम हो गया था। रामचंद्र गुहा ने अपनी किताब ‘गांधी- द इयर दैट चेंज्ड द वर्ल्ड’ में बताया है कि सरला देवी की भाषा, संगीत और लेखन में गहरी रुचि थी।
महात्मा गांधी लाहौर में सरला के घर ही रुके थे। उस वक्त सरला देवी के पति स्वतंत्रता सेनानी रामभुज दत्त चौधरी जेल में थे। कहा जाता है कि इस दौरान गांधी और सरला दोनों एक दूसरे के करीब रहे। इतना ही नहीं बल्कि गांधी सरला को अपनी ‘आध्यात्मिक पत्नी’ बताते थे। हालांकि बाद के दिनों में गांधी ने ये भी माना कि इस रिश्ते की वजह से उनकी शादी टूटते-टूटते बची थी।