चैतन्य भारत न्यूज
गूगल ने आज का डूडल बेल्जियम के भौतिक विज्ञानी जोसेफ एंटोनी फर्डिनेंट प्लेटू के 218वें जन्मदिन को समर्पित किया है। जोसेफ की खोज से ही आज के सिनेमा का जन्म हुआ है। बेल्जियम में जन्मे जोसेफ एंटोनियो पहले शख्स थे, जिन्होंने लोगों के सामने चलचित्र प्रदर्शित किया था।
आज का गूगल डूडल प्लेटू की डिस्क पर आधारित है जिसमें अलग-अलग तरह की तस्वीरें दिखाई देती थीं। जोसेफ ने अपने शोध के जरिए दुनिया को बताया कि हमारी आंखों के रेटिना पर कोई प्रतिबिंब या इमेज कैसे बनती है। वह कितनी देर रेटिना पर टिकी रहती है। आंखें कैसे उसका रंग और गहराई समझ पाती हैं।
जोसेफ ने सर्वप्रथम सन 1832 में फोनकिस्टी स्कोप का आविष्कार किया। इस तकनीक का इस्तेमाल फिल्मों में एनीमेशन लाने के लिए किया जाता था। फेनाकिसटिस्कोप एक प्रकार का एनीमेशन डिवाइस है जिसका इस्तेमाल सबसे पहले मोशन पिक्चर के लिए किया गया था।
कहा जाता है कि इस अविष्कार के बाद जोसेफ की आंखों की रोशनी चली गई थी। वो देख नहीं सकते थे। लेकिन इसके बावजूद उन्होंने विज्ञान के क्षेत्र में अपना काम जारी रखा। इसमें उनके बेटे व दामाद ने उनकी मदद की।
बता दें जोसेफ का जन्म 14 अक्टूबर 1801 को बेल्जियम के ब्रसेल्स में हुआ था। जोसेफ ने 1829 में भौतिक और गणितीय विज्ञान में स्नातक की उपाधि प्राप्त की। इसके बाद जोसेफ ने 1827 में ब्रसेल्स में गणित पढ़ाया। बाद में 1835 में जोसेफ गेंट विश्वविद्यालय में भौतिकी के प्रोफेसर नियुक्त हुए।