चैतन्य भारत न्यूज
नई दिल्ली. मोदी सरकार ने कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को लोधी एस्टेट स्थित सरकारी बंगला खाली करने का आदेश दिया है। मंत्रालय की तरफ से भेजे गए पत्र में बताया गया है कि प्रियंका की एसपीजी और जेड प्लस सुरक्षा हटने के बाद से वे दिल्ली स्थिति लोधी रोड के बंगले में रहने के लिए योग्य नहीं है इसलिए उन्हें यह बंगला खाली करना पड़ेगा।
नोटिस मिनिस्ट्री ऑफ हाउसिंग एंड अर्बन अफेयर्स की ओर से जारी किया गया है। 6-बी हाउस नंबर- 35 लोधी एस्टेट में प्रियंका गांधी अपने परिवार के साथ रहती हैं। लगभग दो दशक से प्रियंका इसी मकान में रह रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, प्रियंका गांधी नोटिस का पालन करेंगी और इस पर उन्हें कुछ नहीं कहना है। सूत्रों के मुताबिक प्रियंका गांधी स्थाई तौर पर लखनऊ शिफ्ट हो सकती हैं।
गौरतलब है कि एसपीजी सुरक्षा के तहत गांधी परिवार को ये बंगला अलॉट किया गया था, लेकिन बीते साल नवंबर में केंद्र सरकार ने एसपीजी सुरक्षा हटा ली थी। मोदी सरकार के इस फैसले के बाद कांग्रेस ने इसे एक साजिश करार दिया था।