चैतन्य भारत न्यूज
सूरत. नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर देशभर में कई जगह प्रदर्शन हो रहे हैं। कई लोग इसके खिलाफ है तो कई लोग इसके समर्थन में है। इसी बीच गुजरात के सूरत में सीएए के समर्थन में एक अनोखी शादी देखने को मिली जो चर्चा का विषय बनी हुई है।
दरअसल दूल्हा जिस घोड़ी पर सवार था, उसके आगे गाय माता अपने बछड़े के साथ चल रही थी। इतना ही नहीं दूल्हे ने हाथ में जो मेंहदी लगा रखी थी वह भी खास थी। दूल्हे के हाथों में बनाई गई मेंहदी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार द्वारा लाए गए नागरिकता संशोधन कानून (CAA) का समर्थन किया गया था।
दुल्हे रोहित गाडोदिया का कहना है कि, ‘CAA को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है। इसलिए मैंने लोगों को जागरूक करने के लिए यह मेंहदी लगवाई है।’ रोहित और अभिलाषा की शादी में पर्यावरण का भी ख्याल रखा गया था। यहां पर मिट्टी के बर्तनों में लोगों को पानी और खाना परोसा गया। साथ ही इनकी शादी में हिंदू परंपरा और संस्कृति को बनाए रखने के लिए वैदिक परंपराओं का पालन किया गया। 130 ब्राह्मणों ने इनकी शादी में मंत्रोच्चार किया।
बता दें रोहित मूल रूप से राजस्थान के हैं। वह बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में पीएचडी कर रहे हैं। जबकि दुल्हन अभिलाषा चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) हैं। दोनों परिवारों ने विवाह समारोह में भारतीय संस्कृति की रक्षा और वैदिक परंपरा का अमल करने का फैसला किया था।