चैतन्य भारत न्यूज
फिल्म : गुलाबो सिताबो
कलाकार : अमिताभ बच्चन, आयुष्मान खुराना, विजय राज, ब्रजेन्द्र काला, फार्रूख जफर, सृष्टि श्रीवास्तव आदि।
निर्देशक : शूजित सरकार
ओटीटी : प्राइम वीडियो
सर्टिफिकेट : U
कहानी
कहानी दो शेख चिल्लियों की है। मिर्जा जो 78 साल के लालची, कंजूस, झगड़ालू स्वभाव के हैं, जिनकी जान उस हवेली में बसती है, जो उनकी नहीं बल्कि उनकी बीवी फातिमा की पुश्तैनी जायदाद है। इसीलिए इसका नाम फातिमा महल है। बीवी 17 साल बड़ी हैं, जायदाद उसकी हो जाए इसके लिए वो उसके मरने का इंतजार करता है। पैसों के लिए हवेली की पुरानी चीजों को चोरी से बेचता रहता है। हवेली में कई कमरें हैं, इसलिए हवेली में कुछ किराएदार भी रहते हैं, जिसमें से एक है बांके रस्तोगी। यहां वो अपनी मां और तीन बहनों के साथ रहता है। छठी तक पढ़ा है और आटा चक्की की दुकान चलाता है। मिर्जा को हमेशा पैसों की किल्लत रहती और वो हमेशा इन किराएदारों से किराए का तकाजा करता रहता है और बांके के साथ उसकी कभी नहीं बनती। मिर्जा उसे परेशान करने के नए-नए तरीके ढूंढता है, ताकि वो जल्द से जल्द हवेली खाली कर के चला जाए।
कहानी में ट्विस्ट तब आता है, जब मिर्जा एक वकील के साथ मिलकर बिल्डर को हवेली बेचने की तैयारी कर लेता है। वहीं, बांके एलआईजी फ्लैट के लालच में पुरातत्व विभाग के एक अधिकारी से मिलकर प्लानिंग करने लगते हैं। काफी जोड़तोड़ के बाद हवेली किसकी होती है, ये फिल्म देखकर आपको पता चलेगा।
कैसी है फिल्म
फिल्म ‘पीकू’ और ‘विक्की डोनर’ दोनों अभिनेताओं के साथ अलग-अलग काम करने वालेे शूजित सरकार दोनों को साथ लाकर डगमगा गये। बीच में फिल्म के गति थोड़ी-थोड़ी थम जाती है पर अंत में फिल्म गति पकड़ लेती है। दोनों कलाकारों के साथ होने के बावजूद यह फिल्म विक्की डोनर और पीकू के मुकाबले बेहद कमजोर है। लेकिन ये तय है कि फिल्म मनोरंजन की दृष्टि और निर्देशन के आधार पर औसत है।
कलाकारों की परफॉरमेंस
अमिताभ बच्चन फिल्म में मिर्जा के किरदार में नजर आए हैं। फिल्म में उनकी नाक प्रोस्थेटिक मेकअप से लंबी कर दी गई है। बिग बी ने अपनी चिर-परिचित आवाज को बदलने से लेकर कूबड़ निकालकर मिर्जा के किरदार में जान डाल दी है। आयुष्मान खुराना इस बार एक देहाती का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म में बृजेश काला और विजय राज भी नजर आएंगे, जो लोगों को गुदगुदाते नजर आने वाले हैं। फिल्म का मुख्य आकर्षण है बेगम का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री फारुख जाफर हैं।