चैतन्य भारत न्यूज
90s के दौर में अपनी खूबसूरती और शानदार अभिनय से बॉलीवुड में तहलका मचाने वाली अभिनेत्री अमृता सिंह का आज 63वां जन्मदिन है। 9 फरवरी 1958 को एक सिख परिवार में जन्मीं अमृता ने फिल्म ‘बेताब’ से बॉलीवुड में एंट्री ली थी। आज हम आपको बताने जा रहे हैं अमृता की जिंदगी से जुड़ी कुछ खास बातें जिन्हें बहुत ही कम लोग जानते हैं।
- अमृता ने अपने करियर की शुरूआत साल 1983 में प्रदर्शित फिल्म ‘बेताब’ से की। धर्मेन्द्र निर्मित इस फिल्म में अमृता सिंह के अपोजिट अभिनेता सनी देओल थे जो उनकी भी पहली फिल्म थी। सनी और अमृता की जोड़ी को दर्शकों ने बेहद पसंद किया और फिल्म टिकट खिड़की पर सुपरहिट साबित हुई।
- इसके बाद अमृता साल 1985 में अभिनेता अनिल कपूर के साथ फिल्म ‘साहेब’ में नजर आईं। इस फिल्म में अमृता और अनिल पर फिल्माया यह गीत ‘यार बिना चैन कहां रे’ आज भी श्रोताओं के बीच काफी लोकप्रिय है।
- सिख परिवार में जन्मीं अमृता को हिंदी अंग्रेजी और पंजाबी भाषा अच्छे से आती है। अमृता जाने-माने लेखक खुशवंत सिंह के परिवार से आती हैं।
- ‘राजू बन गया जेंटलमैन’, ‘ऐना’, ‘चमेली की शादी’, ‘मर्द’ जैसी कई सुपरहिट फिल्मों काम करने के बाद अमृता ने खुद से 12 साल छोटे अभिनेता सैफ अली खान से शादी रचा ली। सैफ की अमृता से पहली मुलाकात साल 1992 में हुई थी। उस दौरान अमृता बॉलीवुड में अपनी पहचान बना चुकी थीं और सैफ ‘बेखुदी’ फिल्म से डेब्यू करने जा रहे थे।
- कहा जाता है कि पहली नजर में ही ये दोनों एक-दूसरे के प्यार में पड़ गए थे। अमृता और सैफ की पहली डेट अमृता के घर पर ही हुई थी। जब सैफ, अमृता के घर पहुंचे तो अमृता ने मेकअप नहीं किया था। अमृता की सादगी पर सैफ तो जैसे फिदा ही हो गए थे।
- इसी बीच एक दिन इनके शादी के फैसले ने सबको हैरान कर दिया। बहरहाल, अक्टूबर 1991 में सैफ और अमृता ने धूमधाम से शादी रचाई। हालांकि ये शादी ज्यादा चल नहीं सकी। शादी के कुछ सालों बाद साल 2004 में दोनों का तलाक हो गया। दोनों के दो बच्चे भी हुए, सारा अली खान और इब्राहिम।
- तलाक के बाद 2012 में सैफ ने करीना कपूर से शादी कर ली। करीना, सैफ से 10 साल छोटी हैं। इनका एक बेटा भी है जिसका नाम तैमूर है। सैफ-अमृता की बेटी सारा, करीना कपूर के काफी करीब हैं। यहां तक कि इन दोनों की शादी में भी सभी खुशी-खुशी शामिल हुए थे।