चैतन्य भारत न्यूज
अपने बेहतरीन अभिनय से लाखों दिलों पर राज करने वाली दिग्गज अदाकारा दीपिका पादुकोण का आज 35वां जन्मदिन है। 5 जनवरी 1986 को जन्मीं दीपिका सबसे ज्यादा कमाई वाली अभिनेत्री तो हैं ही साथ ही फोर्ब्स की लिस्ट में उन्हें सबसे शक्तिशाली महिला का खिताब दिया गया। आज हम आपको बताने जा रहे हैं दीपिका की जिंदगी से जुड़ी कुछ ऐसी खास बातें जिन्हें बहुत कम लोग जानते हैं।
दीपिका का जन्म डेनमार्क की राजधानी कोपनहेगन में हुआ। उनके पिता प्रकाश पादुकोण मशहूर बैडमिंटन खिलाड़ी रहे हैं जबकि उनकी मां उज्जला पादुकोण एक ट्रैवल एजेंट थीं। दीपिका पादुकोण ने अपनी ग्लैमरस लाइफ की शुरुआत बतौर मॉडल की थी। वे लिरिल से लेकर कई बड़ी कंपनियों के विज्ञापनों में नजर आईं।
मॉडलिंग में सफलता के बाद दीपिका ने अभिनय के क्षेत्र में कदम रखा। साल 2006 में उन्हें सबसे पहले हिमेश रेशमिया के एल्बम ‘आप का सुरूर’ में ‘नाम है तेरा’ गाने में मौका मिला। बॉलीवुड में दीपिका ने फराह खान के निर्देशन में बनी फिल्म ‘ओम शांति ओम’ (2007) से डेब्यू किया। अपनी पहली ही फिल्म में दीपिका अभिनेता शाहरूख खान के साथ नजर आईं।
इस फिल्म ने दीपिका को रातों रात शोहरत की बुलंदियों पर पहुंचा दिया जिसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। दीपिका की मुख्य फिल्मों में ‘बचना ऐ हसीनो’ (2008), ‘चांदनी चौक टू चाइना’ (2009), ‘लव आज कल’ (2009), ‘हाउसफुल’ (2010), ‘कॉकटेल’ (2012), ‘रेस 2’ (2013), ‘ये जवानी है दीवानी’ (2013), ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ (2013), ‘गोलियों की रासलीला’ (2013), ‘हैप्पी न्यू ईयर’ (2014), ‘बाजीराव मस्तानी’ जैसी फिल्म है।
जितनी लोकप्रियता दीपिका ने अपने काम से हासिल की, उतनी ही फेमस उनके कथित अफेयर्स भी रहे। कभी उनका नाम क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के साथ जोड़ा गया था तो कभी उन्हें युवराज सिंह की गर्लफ्रेंड भी बताया गया। तो कभी कहा गया वह अभिनेता रनबीर कपूर को डेट कर रही है। लेकिन दीपिका का अफेयर अभिनेता रणवीर सिंह से करीब 6 साल तक चला। जिसके बाद दोनों ने साल 2018 में शादी कर ली थी। ये शादी इटली के लेक कोमो में हुई थी।
दीपिका पादुकोण बॉलीवुड इंडस्ट्री में टॉप एक्ट्रेसेस में शुमार हो चुकी हैं। उन्हें फिल्मों में सबसे ज्यादा पैसे मिलने वाली एक्ट्रेसेस में भी गिना जाता है।