चैतन्य भारत न्यूज
भारतीय स्टार एथलीट दुती चंद का आज 24वां जन्मदिन है। 3 फरवरी 1996 को ओड़िसा के जाजपुर जिले के गरीब परिवार में जन्मीं दुती तीसरी महिला खिलाड़ी हैं, जिन्होंने ग्रीष्मकालीन ओलंपिक खेलों के 100 मीटर की इवेंट में क्वालीफाई किया है। साथ ही इन्होंने इटली में जुलाई, 2019 में संपन्न वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में इतिहास रचा। ये वहां महिलाओं के ट्रैक एंड फील्ड इवेंट्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली महिला बन गयीं। आज हम आपको बताने जा रहे हैं दुती से जुड़ी कुछ खास बातें…
दुती ने बनाए कई रिकॉर्ड
साल 2012 में दुती ने 19वीं श्रेणी में राष्ट्रीय चैंपियन बनकर 100 मीटर दौड़ में 11.8 सेकंड का रिकॉर्ड किया था। 23.811 सेकेंड में दुती ने पुणे में एशियाई चैंपियनशिप में 200 मीटर की दौड़ में कांस्य जीता। जब वह 2013 विश्व युवा चैंपियनशिप में फाइनल में पहुंच गईं। उसी साल वह 100 मीटर और 200 मीटर में राष्ट्रीय चैंपियन बन गई, जब उन्होंने 100 मीटर में फाइनल में 11.73 सेकंड और 200 मीटर में कैरियर का सर्वश्रेष्ठ 23.73 सेकेंड में रांची में नेशनल सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीता।
समलैंगिक हैं दुती
दुती चंद जाजपुर जिले के गोपालपुर गांव की रहने वाली हैं और उनके माता-पिता जाजपुर जिले में बुनकर हैं। चंद ने साल 2018 के एशियन गेम्स में दो सिल्वर मेडल जीता था। दुती चंद ऐसी पहली भारतीय स्पोर्ट्स स्टार हैं, जिन्होंने स्वीकार किया है कि वो समलैंगिक हैं।
बैन भी किया गया था दुती को
एक समय ऐसा भी आया जब दुती को बैन भी कर दिया गया था। साल 2014 जुलाई में ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स के स्टार्ट होने के कुछ दिन पहले ही इंडियन फेडरेशन ने दुती पर बैन लगा दिया था। ये बैन शारीरिक परेशानी के कारण लगा था। दरअसल दुती के शरीर में टेस्टोस्टेरोन का लेवेल कई गुना ज्यादा था, जिसके चलते उनको डिस्क्वालिफाई कर दिया गया था और उनपर बैन भी लग गया था। वह करीब 1 साल तक किसी भी प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले पाई लेकिन उन्होंने साहस बनाए रखा। दुती ने स्विट्जरलैंड में स्थित कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन ऑफ स्पोर्ट्स (सीएएस) में इस बैन के खिलाफ अपील की है। कोर्ट ने दुती की बात समझी और उन पर से बैन हटा दिया, जिसके बाद एक बार फिर से उन्होंने अपना करियर शुरू किया।
जल्द ही पर्दे पर दिखेगी दुती की कहानी
जानकारी के मुताबिक, दुती चंद की कहानी पर फिल्म बनने वाली है। मशहूर फिल्म निर्देशक राकेश ओमप्रकाश मेहरा जल्द ही दुती पर बायोपिक बनाएंगे। मेहरा ने इसके लिए दुती और उनके कोच एन रमेश से संपर्क भी किया है।