चैतन्य भारत न्यूज
बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता फरदीन खान का आज 46वां जन्मदिन है। फरदीन मशहूर अभिनेता फिरोज खान के बेटे हैं। आज हम आपको बताने जा रहे हैं फरदीन से जुड़ी कुछ खास बातें….
फरदीन खान का जन्म 8 मार्च 1974 को मुंबई में हुआ था। वह बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता फिरोज खान के बेटे हैं। उनकी मां का नाम सुंदरी हैं। उनकी एक बहन है जिनका नाम लैला खान है। फरदीन संजय खान और अकबर खान के भतीजे हैं। अभिनेता जायद खान और सुजैन खान उनके कजिन हैं।
उन्होंने साल 1988 में आई फिल्म ‘प्रेम अगन’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। फरदीन आखिरी बार साल 2010 में फिल्म ‘दूल्हा मिल गया’ में नजर आए थे। फरदीन खान एक्टर के साथ-साथ मॉडल भी हैं। यही नहीं, कभी दीपिका पादुकोण भी फरदीन की बैकग्राउंड मॉडल हुआ करती थीं। साल 2005 में फरदीन ने एक फैशन शो के शो स्टॉपर थे, इसमें दीपिका बैकग्राउंड मॉडल थीं।
इसके अलावा फरदीन ने ‘जंगल’ (2000), ‘प्यार तूने क्या किया’ (2000), ‘हम हो गए आपके’ (2001), ‘खुशी’ (2002), ‘देव’ (2004), ‘प्यारे मोहन’ (2005), ‘लाइफ पार्टनर’ (2009) जैसी फिल्मों में काम किया है। फरदीन का नाम भले ही एक फ्लॉप स्टारकिड्स में गिना जाता है, लेकिन वह करोड़ों की प्रॉपर्टी के मालिक हैं।
फरदीन का विवादों से भी नाता रहा है। साल 2001 में फरदीन को पुलिस ने ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किया था। फरदीन को कोकीन खरीदने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर रिहैब सेंटर में भर्ती कर दिया था। साल 2012 में फरदीन को इस मामले में सशर्त बरी कर दिया गया था।
फिल्मों से दूर होने के बाद फरदीन इन दिनों अपने पिता फिरोज खान की विरासत संभाल रहे हैं। फिरोज खान ने बेंगलुरु में सौ एकड़ से भी ज्यादा जमीन ली थी। वहां उनका एक फार्महाउस है, जिसमें घोड़े भी हैं। इसके अलावा फरदीन ने साल 2012 में गोदरेज प्रॉपर्टीज के साथ मिलकर 100 करोड़ रुपए की एक बड़ी डील साइन की थी। फरदीन की शादी फिल्म अभिनेत्रीं नताशा माधवानी से हुई है।
फरदीन कुछ समय पहले जब स्पॉट किए गए तो उनका वजन काफी बढ़ा हुआ था। मोटापे की वजह से फरदीन का खूब मजाक उड़ाया गया। हालांकि एक वक्त ऐसा था जब फरदीन के गुड लुक की चर्चा चारों ओर थी।