चैतन्य भारत न्यूज
बॉलीवुड की टेलेंटेड एक्ट्रेसेस में शुमार अभिनेत्री श्रद्धा कपूर का आज 34वां जन्मदिन है। 3 मार्च 1987 को जन्मीं श्रद्धा कपूर एक्टिंग के साथ-साथ सिंगिंग भी करती हैं। आज हम आपको बताने जा रहे हैं श्रद्धा के जीवन से जुडी कुछ खास बातें…
श्रद्धा बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन और विलेन का किरदार निभाने वाले एक्टर शक्ति कपूर की बेटी है। उनके पिता पंजाबी हैं और मां मराठी हैं। श्रद्धा अपनी मां शिवांगी कोल्हपुरे की तरह अपने आपको भी एक मराठी ही मानती हैं। वह हमेशा से अपने मां के काफी करीब रही हैं।
श्रद्धा की पढ़ाई अमेरिकन स्कूल ऑफ बॉम्बे में हुई है। वहां पर वह फुटबॉल और हैंडबॉल खेलती थीं। आगे की पढ़ाई करने के लिए श्रद्धा बॉस्टन गईं, इस दौरान फेसबुक पर देखने के बाद फिल्म प्रोड्यूसर अंबिका हिन्दुजा ने बॉलीवुड एंट्री के लिए फिल्म ‘तीन पत्ती’ में एक भूमिका के लिए उन्हें चुना।
डेब्यू फिल्म में श्रद्धा के को-स्टार के रूप में अमिताभ बच्चन, बेन किंगसले और आर माधवन जैसे बड़े अभिनेता थे। इसके बाद उनकी अगली फिल्म ‘लव का द एंड’ (Love ka The End) थी, जिसमें श्रद्धा ने कॉलेज स्टूडेंट की भूमिका निभाई। यह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकी।
इसके बाद श्रद्धा साल 2013 में फिल्म ‘आशिकी 2’ में लीड एक्ट्रेस की भूमिका में नजर आईं। यह फिल्म ब्लॉकबस्टर रही। इस फिल्म ने 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी। इसके बाद वह ‘एक विलेन’, ‘हैदर’, ‘एबीसीडी 2’, ‘बागी’, ‘हाफ गर्लफ्रेंड’ और ‘स्त्री’ जैसी हिट फिल्मों में नजर आई।
श्रद्धा को सिंगिंग एक्टिंग की तरह ही विरासत में मिली है। श्रद्धा की मां शिवांगी कपूर एक बेहतरीन सिंगर हैं। श्रद्धा ने फिल्म एक विलेन में सुपरहिट गाना ‘तेरी गलियां’ भी गाया था, जिसे लोगों ने खूब पसंद किया था। श्रद्धा कपूर अपने अफेयर्स को लेकर भी काफी सुर्खियां बटोर चुकी हैं। उनका नाम आदित्य रॉय कपूर और फरहान अख्तर के साथ जुड़ चुका है।