चैतन्य भारत न्यूज
भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ी हार्दिक पांड्या अपनी पीठ की चोट के चलते लंबे समय से क्रिकेट के मैदान से बाहर हैं। हाल ही में पांड्या ने इंग्लैंड में अपनी पीठ दर्द का सफल ऑपरेशन करवाया जिसकी जानकारी खुद पांड्या ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी थी। ऐसे में सर्जरी के बाद पांड्या का एक वीडियो सामने आया है जो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में पांड्या हॉस्पिटल के बेड से उठने के बाद सहारा लेकर धीरे-धीरे कदम रखने में कामयाब होते नजर आ रहे हैं। इसके बाद वह व्हील चेयर पर बैठ जाते हैं। वह कॉरिडोर में व्हील चेयर खुद चलाते भी दिख रहे हैं। वीडियो के कैप्शन में लिखा कि, ‘नन्हे कदम, मगर पूरी फिटनेस हासिल करने का मेरा सफर यहीं से और अभी से शुरू हो गया है। आप सभी की शुभकामनाओं और समर्थन का शुक्रिया। ये काफी मायने रखता है।’
Baby steps .. but my road to full fitness begins here and now 💪 Thank you to everyone for their support and wishes, it means a lot 🙏 pic.twitter.com/shjo78uyr9
— hardik pandya (@hardikpandya7) October 8, 2019
इस वीडियो में पांड्या एक शख्स का हाथ पकड़ कर धीरे-धीरे छोटे बच्चे की तरह चलने की कोशिश कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, पांड्या को लगभग चार महीने तक क्रिकेट से बाहर रहना पड़ सकता है। हालांकि उम्मीद है कि वह आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) से पहले फिट हो जाएंगे।
Surgery done successfully 🥳
Extremely grateful to everyone for your wishes ❣️ Will be back in no time! Till then miss me 😉 pic.twitter.com/XrsB8bWQ35
— hardik pandya (@hardikpandya7) October 5, 2019
वहीं पांड्या के करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक 11 टेस्ट मैच में 532 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा 54 वनडे मैचों में उन्होंने 957 रन बनाए हैं, जिसमें चार अर्द्धशतक शामिल हैं। टी20 में भी वे भारतीय टीम के नियमित सदस्य हैं। वे 40 टी20 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 310 रन बनाए हैं।