चैतन्य भारत न्यूज
हाथरस. देशभर में हाथरस में दलित युवती के साथ हुए दुष्कर्म के खिलाफ आक्रोश फैला हुआ है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी शनिवार को दोबारा हाथरस पहुंचे। यहां दोनों नेताओं ने सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता के परिवार से बंद कमरे में मुलाकात की। इस दौरान प्रियंका गांधी ने पीड़िता की मां को गले लगाया और सांत्वना दी।
परिवार से मुलाकात के बाद प्रियंका गांधी ने कहा कि, ‘हम अन्याय के खिलाफ लड़ेंगे। परिवार आखिरी बार अपनी बच्ची का चेहरा नहीं देख पाया। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। जब तक न्याय नहीं मिलता, तब तक हम लड़ेंगे। परिवार न्यायिक जांच चाहता है।’
मुलाकात के बाद पीड़िता के भाई ने क्या कहा
पीड़िता के भाई ने कहा कि, ‘प्रियंका गांधी और राहुल गांधी की ओर से आर्थिक सहायता का एक चेक दिया गया है। हमें जो भी पैसा देगा वो मंजूर है। सीएम योगी ने भी जो दिया वो हमारे अकाउंट में है। कभी जरूरत पड़ेगी तो हम उसका इस्तेमाल कर सकेंगे। प्रियंका और राहुल गांधी ने हमें सुना और समझा। हम लोगों के साथ जो कुछ भी हुआ हमने उनको बताया। उन्होंने हमें आश्वासन दिया कि कोई भी मदद चाहिए हो तो बताना।’
5 लोगों को मिली थी जाने की अनुमति
यूपी सरकार ने शनिवार को राहुल और प्रियंका गांधी समेत 5 लोगों को हाथरस जाने की अनुमति दी। प्रशासन ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हाथरस जाने और पीड़िता के परिवार से मिलने की अनुमति कुछ शर्तों पर दी, जिनमें मास्क लगाना और कोरोना से जुड़े अन्य प्रोटोकॉल का पालन करना शामिल है।