चैतन्य भारत न्यूज
भारत में होली का त्योहार बेहद ही अनोखे अंदाज में मनाया जाता है। हर शहर में इसे मनाने का अलग ही अंदाज होता है। अगर आप होली का एक अलग ही रंग देखना चाहते हैं इन जगहों की सैर जरुर करें।
मथुरा- वृंदावन की होली
यहां की होली तो दुनियाभर में प्रसिद्ध है। यहां फूलों की होली और लट्ठमार होली खेली जाती है। होली के दौरान यहां विदेशी सैलानी भी बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। एक हफ्ते तक मनाए जाने वाले इस उत्सव के दौरान यहां एक अलग उत्साह देखने को मिलता है। लट्ठमार होली की शुरुआत मुख्य पर्व से लगभग एक सप्ताह पहले होती है।
उदयपुर में खेली जाती है शाही होली
यदि आप शाही होली का आनंद लेना चाहते हैं, तो उदयपुर जा सकते हैं। उदयपुर की शाही होली काफी प्रसिद्ध है। इस दौरान सिटी पैलेस में शाही निवास से मानेक चौक तक शाही जुलूस निकाला जाता है। जुलूस में सजे-धजे घोड़े, हाथी शामिल होते हैं। राजस्थानी गीत-संगीत के साथ यहां काफी भव्य तरीके से होली मनाई जाती है।
आनंदपुर साहिब की होली
पंजाब में होली का रंग एकदम अलग होता है। आनंदपुर साहिब में खेली जाने वाली होली की शुरुआत सन 1701 में होला-मोहल्ला त्योहार के रूप में हुई थी। इस त्योहार में सिख समुदाय के लोग कुश्ती, मार्शल आर्ट्स और तलवारों के साथ कई करतब दिखाते हैं।
शांति निकेतन की खास होली
होली के एक अलग रंग को देखने के लिए पश्चिम बंगाल में शांति निकेतन की होली में जरूर जाएं। इसकी शुरुआत प्रसिद्ध बंगाली कवि और नोबेल पुरस्कार विजेता रवींद्रनाथ टैगोर ने की थी। शांति निकेतन में खेली जाने वाली होली में यहां के छात्र आने वाले सैलानियों के लिए कई अनोखे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करते हैं।