चैतन्य भारत न्यूज
आमतौर पर सांप को देखते ही लोग दूर भागने लगते हैं या फिर उसे मारना शुरू कर देते हैं। लेकिन हम आपको एक ऐसे मामले के बारे में बता रहे हैं जहां एक शख्स ने अपनी जान की परवाह किए बगैर सांप की जान बचाना ठीक समझा। इस शख्से ने अपने मुंह से सांप को पानी देकर उसकी जान बचाई और एक मिसाल पेश की।
ये मामला इंदौर का है जहां इनकम टैक्स ऑफिसर शेर सिंह गिन्नारे ने सांप की जान बचाई। शनिवार को झलारिया गांव के बिरला पब्लिक स्कूल परिसर एक सांप निकला। सांप देखते ही स्कूल में मौजूद कर्मचारी घबरा गए। फिर उन्होंने सांप को बुरी तरह पीटा और साथ ही उसे बेहोश करने के लिए कीटनाशक का छिड़काव भी कर दिया। कीटनाशक के कारण सांप बेसुध हो गया। सांप घोड़ा पछाड़ मूल का था। इस मूल के सांप लगभग 100 की स्पीड से रेंग सकते हैं और इसमें जहर नहीं पाया जाता है।
गांव के लोगों को सोशल मीडिया के जरिए पता चला कि आयकर विभाग के अफसर शेर सिंह गिन्नारे सांप पकड़ने में माहिर हैं। फिर उन्होंने शेर सिंह से संपर्क किया। स्कूल पहुंचते ही शेर सिंह ने सांप का इलाज करना शुरू कर दिया। सबसे पहले उन्होंने कोल्डड्रिंक पीने वाली स्ट्रॉ से खुद के मुंह में पानी रखकर स्ट्रॉ के दूसरे सिरे को सांप के मुंह में डाला और उससे पानी छोड़ा। फिर धीरे-धीरे सांप पर दबाव बनाने लगे। दबाव पड़ते ही सांप ने उल्टियां करना शुरू कर दी, जिससे जहरीला कीटनाशक बाहर निकल गया और सांप की जान बच गई।
जब सांप ठीक हो गया तो उसके थोड़ी देर बाद शेर सिंह उसे जंगल में छोड़ आए। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि, ये सांप जहरीला नहीं होता है। यह सिर्फ परेशान किए जाने पर काटता है। सांप के देख लोग डर गए थे। उन्होंने सांप को लाठी-डंडे से तो पीटा ही और साथ ही उसके ऊपर कीटनाशक भी डाल दिया था। सांप बुरी तरह जख्मी हो गया था।