चैतन्य भारत न्यूज
भारतीय-पाकिस्तानी समलैंगिक जोड़ी बियांका मायली और सायमा शादी के बंधन में बंध गईं हैं। उनकी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रही हैं और लोग इनकी तस्वीरों को खूब पसंद भी कर रहे हैं।
बता दें बियांका और सायमा, भारतीय-पाकिस्तानी समलैंगिक जोड़ी है, जिन्होंने कैलिफोर्निया में एक-दूसरे के साथ पूरे भारतीय अंदाज में शादी की है।
जानकारी के मुताबिक, बियांका भारतीय ईसाई हैं। उनकी मुलाकात पाकिस्तान की सायमा से हुई और दोनों को प्यार हो गया। शादी में बियांका ने सोने से कढ़ाई की गई साड़ी पहनी थी। साथ ही उन्होंने मोती की माला, मांग टीका और चूड़ियां पहनी थी।
वहीं सायमा काले रंग की रंगीन कढ़ाई वाली शेरवानी में नजर आईं। शेरवानी के साथ उन्होंने कीमती स्टोन्स और मोती की माला पहनी थी। दोनों ही साथ में बेहद खुबसूरत लग रही थीं।
बियांका ने इंस्टाग्राम पर सायमा के साथ फोटो शेयर करते हुए लिखा कि, ‘जीवन आपके साथ मधुर है।’ इन दोनों की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब पसंद की जा रही है और लाखों लोग कमेंट कर उन्हें शादी की बधाई संग आशीर्वाद भी दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि, ‘एक परी को दूसरी परी मिल गई। इस कपल को अनगिनत आशीर्वाद।’ दूसरे यूजर ने लिखा कि, ‘बहुत सुंदर! भगवान आप दोनों को आशीर्वाद दे।’
सायमा और बियांका की शादी में उनके दोस्तों ने जमकर मस्ती की। सायमा की बारात भी बड़े ही अनोखे अंदाज में बियांका के घर पहुंचीं। खबरों के मुताबिक, बियांका पेशे से एक डीजे हैं।