चैतन्य भारत न्यूज
मुंबई इंडियंस (MI) ने एक बार फिर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का खिताब अपने नाम कर लिया है।दुबई में मंगलवार रात आईपीएल के 13वें सीजन के फाइनल में मुंबई ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 5 विकेट से मात दी। मुंबई ने पहले तो दिल्ली को 156/6 रनों पर रोका और फिर 18.4 ओवरों में 5 विकेट खोकर जीत का लक्ष्य (157 रन) हासिल कर लिया। कप्तान रोहित शर्मा ने नाबाद 68 रनों (51 गेंदें, 5 चौके, 4 छक्के) की जोरदार पारी खेली।
मुंबई इंडियंस लगातार दूसरी बार चैम्पियन बनी। उसने कुल 5वें खिताब पर कब्जा जमाया। मुंबई इससे पहले 2013, 2015, 2017, और 2019 में आईपीएल चैम्पियन रही थी। ये पांचों खिताब उसने रोहित शर्मा की कप्तानी में हासिल किए है। पहली बार फाइनल में पहुंची दिल्ली कैपिटल्स का खिताब जीतने का सपना अधूरा रह गया। दिल्ली ने 13 साल में पहली बार चैम्पियन बनने का मौका गंवा दिया।