चैतन्य भारत न्यूज
बगदाद. इराक में सरकार विरोधी प्रदर्शन जारी है। भ्रष्टाचार, नौकरियों और सार्वजनिक सेवाओं की कमी को लेकर इराक के हजारों लोगों ने मध्य और दक्षिणी इराक में सरकार विरोधी प्रदर्शन किया। लेकिन इस दौरान एक ऐसा वाकया हुआ जो काफी मजेदार था।
दरअसल विरोध प्रदर्शन के दौरान एक व्यक्ति शेर लेकर आ गया। अपने शरीर पर झंडा लपेटे प्रदर्शनकारी ने शेर को चैन से बांध रखा था। शेर सबसे पहले तो आसपास खड़े अन्य लोगों की तरफ गया और बाद में सड़क किनारे आराम करते दिखा। उसको लाने वाला प्रदर्शनकारी भी उसके साथ ही था।
खबरों के मुताबिक, विरोधी प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारी पुलिस के कुत्तों के जवाब में शेर लेकर पहुंच गया। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूत्रों के मुताबिक, अब तक इराक में चल रहे विरोध प्रदर्शनों में 320 लोग मारे जा चुके हैं। प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच लगातार झड़प हो रही है।
MEANWHILE IN #IRAQ
Iraqi protesters bring LION to the protesting areas after security forces intervened protests with Police dogs. pic.twitter.com/zkELq6IPcK
— Fatih (@fatihcagrii) November 14, 2019
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार (नवंबर 14, 2019) को प्रदर्शनकारियों व सुरक्षा बलों के बीच झड़प में 65 लोग घायल हुए। इस दिन 4 लोग मारे भी गए। इराक में लगातार डूबती अर्थव्यवस्था और रोजगार संकट के कारण लोग सड़कों पर उतरे हैं। वहां के प्रधानमंत्री अब्दुल मेहदी ने गरीबों और बेरोजगारों के लिए कई सारी घोषणाएं कर के प्रदर्शनकारियों के रोष को ठंडा करना चाहा लेकिन सरकार अब तक इस मामले में विफल रही है।