चैतन्य भारत न्यूज
यदि आप भी जापान घूमने का शौक रखते हैं तो आईआरसीटीसी आपके लिए सात दिन और छह रातों का यह टूर पैकेज लेकर आया है जिसके जरिए आप कम बजट में जापान घूमने का आनंद उठा सकते हैं। आईआरसीटीसी के इस पैकेज का नाम है- जॉयस आफ जापान।
इस टूर पैकेज में पर्यटकों के लिए ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर की सुविधा भी शामिल है। जानकारी के मुताबिक, इस यात्रा की शुरुआत 26 फरवरी 2020 को होगी। यह टूर पैकेज मुंबई एयरपोर्ट से शुरू होगा। इस टूर पैकेज के तहत यात्री जापान की राजधानी टोक्यो के अलावा माउंट फूजी, हिरोशिमा, ओसाका, क्योटो की सैर कर पाएंगे।
आईआरसीटीसी के इस ऑफर के मुताबिक, यात्री 26 फरवरी को रात 10 बजे मुंबई से टोक्यो के लिए उड़ान भरेंगे और 11-12 घंटे की यात्रा के बाद 27 फरवरी को टोक्यो पहुंचेंगे। इसके बाद माउंट फूजी, हिरोशिमा, ओसाका घुमाते हुए तीन मार्च को वापस टोक्यो लाया जाएगा, जहां से सुबह 11:45 बजे फ्लाइट मुंबई के लिए उड़ान भरेगी और शाम 06:25 बजे यात्री मुंबई वापस आ जाएंगे।
इस पैकेज के तहत एक व्यक्ति के लिए आपको 2,06,000 रुपए खर्च करने होंगे। जबकि दो व्यक्ति के लिए 1,72,000 रुपए खर्च करने होंगे। वहीं तीन व्यक्ति के लिए खर्च 1,72,000 रुपए खर्च होंगे।