चैतन्य भारत न्यूज
जब भी कभी धरती के स्वर्ग के बारे में जिक्र होता है तो सबसे पहले जम्मू-कश्मीर का नाम सामने आता है। जम्मू-कश्मीर की खूबसूरती के किस्से भारत ही नहीं बल्कि दुनियाभर में मशहूर है। वहीं जम्मू-कश्मीर से जुड़ा लद्दाख राज्य भारत की सबसे खूबसूरत जगहों में शुमार है। देश का हर नागरिक यहां जाने के लिए उत्सुक रहता है। आज हम आपको बताने जा रहे हैं जम्मू-कश्मीर की उन खास जगहों के बारे में जिन्हें देखने के लिए हर साल यहां लाखों पर्यटकों की भीड़ लगी रहती है।
सोनमर्ग
समुद्र सतह से 2740 मीटर की ऊंचाई पर स्थित सोनमर्ग जम्मू-कश्मीर की सबसे खूबसूरत जगहों में शामिल है। खूबसूरत पहाड़ियों से घिरा हुआ सोनमर्ग शहर जोजी-ला दर्रे के पहले स्थित है। मानसून में हरियाली के साथ यहां की खूबसूरती में चार चांद लग जाते हैं। सोनमर्ग का शाब्दिक अर्थ है ‘सोने के मैदान’।
डल झील
डल झील कश्मीर आने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का सबसे बड़ा केंद्र है। कश्मीर की डल झील इस समय ज्यादा खूबसूरत दिख रही है। 18 किलोमीटर क्षेत्र में फैली हुई यह झील तीन पहाड़ियों से घिरी हुई है। यह जम्मू-कश्मीर की दूसरी सबसे बड़ी झील है।
कारगिल
कारगिल युद्ध के कई किस्से तो आपने जरुर सुने होंगे। करगिल में 1999 में भारत और पाकिस्तान के बीच जमकर लड़ाई हुई थी। यहां बौद्धों के कई प्रसिद्ध मठ स्थित है, जिन्हें देखने के लिए यहां हर साल लाखों पर्यटक आते हैं।
श्रीनगर
जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर है। श्रीनगर गर्मी के लिहाज से सबसे अच्छी जगह मानी जाती है। मुगल बादशाहों ने श्रीनगर में कई बागों का निर्माण करवाया है। इन बागों में सबसे प्रसिद्ध ‘निशात बाग’ है।
द्रास
लद्दाख का गेटवे माना जाने वाला द्रास सबसे खूबसूरत जगहों में शामिल हैं। यह भारत के सबसे ठंडे शहरों में से एक है। जानकारी के मुताबिक, साइबेरिया के बाद यहां दुनिया की सबसे सर्द सुबह मानी जाती है।
पहलगाम
पहलगाम कश्मीर के सबसे खूबसूरत हिल स्टेशनों में एक है। मुगलों के शासनकाल के दौरान, ये केवल चरवाहों का गांव था। समुद्र तल से 2130 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पहलगाम लिद्दर नदी और शेषनाग झील के करीब बसा है।