चैतन्य भारत न्यूज
जौनपुर. उत्तरप्रदेश के जौनपुर से एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दरअसल यहां एक पति ने जुए में अपनी पत्नी को ही दांव पर लगा दिया। इतना ही नहीं बल्कि हार के बाद उसने दो बार अपनी पत्नी को दुष्कर्म के लिए दोस्तों को सौंप दिया। दोस्तों ने उसकी पत्नी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
जफराबाद थाना क्षेत्र निवासी महिला ने कोर्ट में बताया कि, उसकी शादी शाहगंज में हुई थी। उसका पति शराबी और जुआरी है। ससुराल में रहने के दौरान पति के मित्र अरुण व रिश्तेदार अनिल घर पर आते थे और फिर शराब व जुआ का दौर चलता रहता था। पीड़िता के मुताबिक, एक दिन घर में पैसे नहीं होने की वजह से उसने अपनी पत्नी को ही दांव पर लगा दिया। पीड़िता ने बताया कि हार के बाद अरुण और अनिल ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
दोबारा किया सामूहिक दुष्कर्म
महिला ने घटना की शिकायत जब पुलिस से की तो उन्होंने केस दर्ज करने से मना कर दिया। इस घटना के बाद अपमान से आहत होकर वह अपने मायके चली गई। 9 दिसंबर 2018 को मायके पहुंचे पति ने माफी मांगते हुए पत्नी से वापस चलने को कहा। जिसके चलते पत्नी राजी हो गई और उसके साथ चल दी। घर लौटने के दौरान रास्ते में अरुण और अनिल भी सवार हो गए और उन्होंने फिर से महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई एफआईआर
कहा जा रहा है कि पुलिस और एसपी से शिकायत के बाद भी पति और उसके दोस्तों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़िता ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट ने इसे गंभीर मामला मानते हुए एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है। जानकारी के मुताबिक, थाना जफराबाद में आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।