चैतन्य भारत न्यूज
ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज स्टीव स्मिथ को लॉर्ड्स मैदान टेस्ट मैच के चौथे दिन इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की गेंद कान के नीचे गर्दन पर लग गई थी। स्मिथ को कितनी गहरी चोट लगी है इसका अंदाजा आप इसी से लगा सकते हैं कि वह तुरंत मैदान पर गिर गए। दर्द इतना असहनीय था कि स्मिथ थोड़ी देर बाद रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए।
Wow… hope Steve Smith is ok!#TheAshes2019 pic.twitter.com/cMqhIOwfzT
— Shaun griffin (@Shaun_griffin1) August 17, 2019
जब स्मिथ को बॉल लगी तब तक वह 152 गेंदों पर 80 रन बना चुके थे। स्मिथ अपने तीसरे एशेज शतक के करीब ही थे कि इस दौरान आर्चर की 148 किलोमीटर प्रति घंटे से तेज गति की रफ्तार की गेंद से उन्हें चोट लग गई। जैसे ही स्मिथ को चोट लगी तो कुछ और भी खिलाड़ी उनके पास आकर खड़े हो गए। फिर फिजियो स्मिथ को मैदान से बाहर ले गए। मैदान से बाहर जाते वक्त दर्शकों ने खड़े होकर स्मिथ का तालियां बजाकर अभिवादन किया।
बता दें ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्मिथ इन दिनों बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने बर्मिंघम में खेले गए पहले टेस्ट मैच की दोनों पारियों में बेहतरीन शतक जमाया था। इसी के साथ स्मिथ लगातार एशेज की सात परियों में 50 से अधिक स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं।