चैतन्य भारत न्यूज
बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत इन दिनों चर्चा में हैं। दरअसल पिछले कुछ दिनों से कंगना और महाराष्ट्र सरकार के बीच तनातनी चल रही है। यह विवाद उस समय और ज्यादा बढ़ गया जब बृह्नमुंबई महानगरपालिका (BMC) ने कंगना के मुंबई में स्थित दफ्तर को नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए तोड़ दिया। इसके बाद कंगना ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को खरीखोटी सुनाई थी। अब उन्होंने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी पर हमला बोला है।
कंगना ने सोनिया से कहा है कि, क्या वे अपनी सरकार से डॉ. आंबेडकर द्वारा हमें दिए गए संविधान के सिद्धांतों को बनाए रखने का अनुरोध नहीं कर सकती हैं? शुक्रवार को कंगना ने ट्वीट कर कहा कि, ‘कांग्रेस की माननीय अध्यक्ष सोनिया गांधी जी, क्या एक महिला होने के नाते आपको महाराष्ट्र में आपकी सरकार द्वारा मेरे साथ किए जा रहे व्यवहार से पीड़ा नहीं हो रही है? क्या आप डॉ. आंबेडकर द्वारा हमें दिए गए संविधान के सिद्धांतों को बनाए रखने के लिए अपनी सरकार से अनुरोध नहीं कर सकती हैं?’
उन्होंने आगे लिखा, ‘आप पश्चिम में पली बढ़ी हैं और भारत में रह रही हैं। आप महिलाओं के संघर्ष से अवगत होंगी। इतिहास आपकी चुप्पी और भेदभाव का आकलन करेगा। आपकी ही सरकार महिलाओं का उत्पीड़न कर रही है और कानून व्यवस्था मजाक बनकर रह गई है। मुझे उम्मीद है कि आप इसमें हस्तक्षेप करेंगी।’