चैतन्य भारत न्यूज
बड़े लंबे समय से इंतजार कर रहे गेम शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के फैंस के लिए खुशखबरी है। इस शो का 11वां सीजन 19 अगस्त यानी आज से सोनी टीवी पर प्रसारित होने वाला है। सोनी ने ट्वीटर पर इसका प्रोमो भी जारी किया है। प्रोमो को काफी पसंद किया जा रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि इस बार प्राइज मनी भी बढ़ाई जा सकती है।
Khel wahi, andaaz naya! Amitabh Bachchan laut rahe hai #KBC ke naye season ke saath, kal se, Mon-Fri raat 9 baje. @SrBachchan pic.twitter.com/BZGqCvFXrz
— Sony TV (@SonyTV) August 18, 2019
खास बात यह है कि हर बार की तरह इस बार भी सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ही इसे होस्ट करने वाले हैं। इस बार भी इस शो के लिए लाखों लोग अपनी किस्मत आजमाते नजर आने वाले हैं। मगर बहुत कम लोग होते हैं, जो हॉटसीट तक पहुंच पाते हैं। आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि आखिर इस हॉट सीट तक पहुंचते कैसे हैं। अगर आपको हॉटसीट पर विराजमान होना है तो इन बातों का जरूर ध्यान रखें।
शो शुरू होने से पहले पूछे जाते हैं सवाल
शो शुरू होने से पहले टीवी पर कुछ सवाल पूछे जाते हैं, जिनके लिए दर्शकों को 4 विकल्प प्रदान किए जाते हैं। रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए इन सवालों का सही जवाब देना होता है। जवाब देने के लिए टीवी पर बताए गए नंबर पर मैसेज करना होता है। अगर आपका जवाब सही होता है तो केबीसी की टीम आपको मैसेज करेगी। इसके अलावा रजिस्ट्रेशन सोनी की एप्लिकेशन पर भी होता है।
एक्जिक्यूटिव द्वारा ऑडिशन
रजिस्ट्रेशन के बाद शो के एक्जिक्यूटिव द्वारा ऑडिशन के लिए बुलाया जाएगा। इस टेस्ट को पास करने के लिए आपको मेरिट लिस्ट में शामिल होना पड़ेगा। इस टेस्ट के बाद मेरिट के अनुसार लोगों का सिलेक्शन होता है। अगले राउंड के लिए एक्जिक्यूटिव आपको कुछ जरुरी डॉक्यूमेंट देंगे जिन्हें आपको अपने साथ लेकर जाना होगा।
तीन लोगों का पैनल आपसे पूछेगा सवाल
अगले पड़ाव में आपको तीन लोगों के पैनल द्वारा पूछे गए सवालों के सही जवाब देने होंगे। इस राउंड में सिलेक्शन होने के बाद दो लिस्ट तैयार की जाती हैं। पहली लिस्ट उन लोगों की होती है, जिन्हें सीधे फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट के लिए भेजा जाता है और दूसरी लिस्ट बैकअप में रखे व्यक्तियों की होती है, जिन्हे किसी कंटेस्टेंट की अनुपस्थिति में बुलाया जाता है।
बता दें शो शुरू होने के दौरान फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट गेम होता है। इस दौरान अगर आप कम समय में सही जवाब देते हैं तो आपको अमिताभ बच्चन हॉटसीट पर बैठने और गेम आगे खेलने के लिए बुलाते हैं। इस तरह आपको अमिताभ के साथ हॉट सीट पर बैठने का मौका मिल सकता है और आप इस गेम को खेल सकते हैं।