चैतन्य भारत न्यूज
कन्नूर. केरल के कन्नूर जिले का निवासी एक दिहाड़ी मजदूर 12 करोड़ की लॉटरी लगने से रातोंरात करोड़पति बन गया। थोलांबरा इलाके के रहने वाले 58 साल के पेरून्नन राजन ने लॉटरी की टिकट 200 रुपए में खरीदी थी। 10 फरवरी को परिणाम घोषित हुए। एजेंसी का कमीशन और टैक्स कटने के बाद राजन के खाते में करीब 7.2 करोड़ रुपए आएंगे। यह क्रिसमस-न्यू ईयर बंपर लॉटरी केरल सरकार की है।
लॉटरी का नतीजा आने के बाद राजन को अपनी आंखों पर भरोसा नहीं हुआ। उन्होंने कई बार नतीजों की जांच कर खुद को आश्वस्त किया कि उनके टिकट का नंबर सही है। लॉटरी में नाम खुलने पर राजन ने कहा कि, ‘मैं बहुत खुश हूं। मेरे ऊपर 7 लाख का कर्ज है, जिसे चुकता करना है। इसके अलावा घर की मरम्मत करवाना है। छोटी बेटी की पढ़ाई बिना किसी बाधा के जारी रहे, इसकी कोशिश करूंगा।’
लॉटरी में मिले पैसों के इस्तेमाल के बारे में पूछे जाने पर राजन ने बताया कि, सबसे पहले तो उन पर कुछ देनदारियां हैं, जिन्हें उन्हें निपटाना है। इसके बाद वह आसपास के जरूतमंद लोगों के लिए कुछ करना चाहेंगे।