चैतन्य भारत न्यूज
केरल की खूबसूरती से हर कोई वाकिफ है। वैसे भी बारिश के सुहाने मौसम में घूमना हर किसी को पसंद होता है। इस मौसम में हर तरफ हरियाली जो छायी रहती है, इससे घूमने का मजा दोगुना हो जाता है। लेकिन कुछ लोग बजट के चलते घूमने नहीं जा पाते हैं, तो कुछ समय की कमी के कारण नहीं जा पाते हैं।
अगर आप भी इसी कारण घूमने नहीं जा पा रहे हैं तो अब आपको चिंता करने की जरुरत नहीं है क्योंकि भारतीय रेलवे की संस्था कैटरिंग एंड टूरिज्म (आईआरसीटीसी) आपके लिए सुनहरा ऑफर लेकर आई है। इस पैकेज का नाम ‘केरला विथ हाउस बोट स्टे एक्स. भुवनेश्वर’ है। इसके माध्यम से आप केरल की खूबसूरती को आसानी से देख पाएंगे। केरल का यह टूर 5 रात और 6 दिन का है। यह यात्रा इंडिगो की फ्लाइट्स के जरिए की जाएगी। इसकी शुरुआत उड़ीसा राज्य की राजधानी भुवनेश्वर से होगी। आईआरसीटीसी ने इस पूरी यात्रा की जानकारी अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर शेयर की है।
जानकारी के मुताबिक, इस यात्रा की शुरुआत 20 सितंबर 2019 से होगी। यात्रा के दौरान अगर आप तीन लोगों के ग्रुप में बुकिंग कराते हैं तो आपको प्रति व्यक्ति 25 हजार 615 रुपए खर्च होंगे। अगर यह पैकेज दो लोगों द्वारा लिए जाएगा तो आपको प्रति व्यक्ति 27 हजार 285 रुपए खर्च करने होंगे। इसके अलावा सिंगल लोगों के लिए यह पैकेज 36 हजार 860 रुपए में पड़ेगा।
इस दौरान आप कोच्चि, मुन्नार, कुमाराकोम, त्रिवेंद्रम और कोवालम की भी यात्रा कर पाएंगे। आप इस यात्रा के समय अंबालापुक्षा श्री कृष्ण मंदिर, कृष्णापुरम पैलेस, मरारी समुद्र तट जैसी जगहों पर भी घूम सकते हैं।