चैतन्य भारत न्यूज
काठमांडू. दुनिया के सबसे छोटे शख्स का रिकॉर्ड बनाने वाले नेपाल के खगेंद्र थापा मागर का शुक्रवार को निधन हो गया। खगेंद्र की लंबाई 67 सेंटीमीटर थी। उनका वजन 6 किलो था। साल 2010 में उन्हें गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में सबसे छोटे आदमी के खिताब से नवाजा गया था।
जानकारी के मुताबिक, खगेंद्र निमोनिया से पीड़ित थे और पोखरा के मणिपाल अस्पातल में उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को उन्होंने तीन बजे आखिरी सांस ली। मागर को पहली बार 2010 में उनके 18वें जन्मदिन के बाद दुनिया का सबसे छोटा आदमी घोषित किया गया था। हालांकि, उन्होंने नेपाल के ही चंद्र बहादुर डांगी की वजह से यह खिताब खो दिया। डांगी 54.6 सेंटीमीटर के थे। उनको दुनिया का सबसे छोटा मोबाइल आदमी कहा जाता है। लेकिन साल 2015 में चंद्र बहादुर की मौत के बाद खगेंद्र एक बार फिर से दुनिया के सबसे छोटे आदमी बन गए।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अनुसार खगेंद्र थापा के पिता रूप बहादुर ने कहा था कि जब वह पैदा हुआ था तब बहुत छोटा था। वह हाथ की हथेली में आराम से आ सकता था। खगेंद्र के भाई महेश थापा ने बताया कि निमोनिया के कारण उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इस बार उनका दिल भी प्रभावित हुआ था। यह सबसे बड़ी वजह मौत की रही। बता दें कि खगेंद्र का जन्म 14 अक्टूबर 1992 को पोखरा में हुआ था।