चैतन्य भारत न्यूज
स्वर कोकिला लता मंगेशकर की सेहत को लेकर अस्पताल की ओर से ताजा जानकारी सामने आई है। अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक, लता मंगेशकर की तबीयत में सुधार हो रहा है, लेकिन पूरी तरह ठीक होने में समय लगेगा। उन्हें निमोनिया और चेस्ट इंफेक्शन हुआ है और जिसे भी ये बीमारी होती है उसे रिकवरी में समय लगता है।
लता मंगेशकर के परिवार का बयान
लता जी के परिवार की तरफ से बयान में कहा गया कि, ‘लता की हालत अब स्थिर है। वे पहले से बेहतर हैं। आप सभी की दुआओं का धन्यवाद। हम चाह रहे हैं कि वे बेहतर हो जाए ताकि उन्हें जल्द घर लाया जा सके। हमारे साथ खड़े रहने और प्राइवेसी का सम्मान करने के लिए शुक्रिया।’
बता दें, लता को बीते सोमवार (11 नवंबर) को मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल के इंटेंसिव केयर यूनिट(आईसीयू) में भर्ती कराया गया था। वह फेफड़ों में इंफेक्शन और निमोनिया की शिकायत से परेशान थीं। सोमवार को लता मंगेशकर की बहन आशा भोंसले भी उनका हाल-चाल लेने के लिए अस्पताल पहुंची थीं। बॉलीवुड के सितारे भी उनके जल्द ठीक होने की दुआ मांग रहे हैं। एक्ट्रेस हेमा मालिनी और शबाना आजमी ने भी ट्वीट कर रिकवरी के लिए प्रार्थना की थी।
लता ने केवल हिंदी भाषा में 1,000 से ज्यादा गीतों को अपनी आवाज दी है। उन्हें साल 1989 में दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। जबकि साल 2001 में उन्हें भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ दिया गया था। उन्होंने 36 भारतीय भाषाओं में गाने रिकॉर्ड कराए हैं।