चैतन्य भारत न्यूज
लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत आज यानी 23 अप्रैल को देशभर में 117 सीटों पर मतदान जारी है। इन 117 सीटों में गुजरात और केरल की सभी सीटें शामिल हैं। आज के मतदान के बाद कई दिग्गज नेताओं की किस्मत का फैसला हो जाएगा। सात चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव 2019 का तीसरा चरण सबसे बड़ा है। तीसरे चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और कई केंद्रीय मंत्री शामिल हैं।
तीसरे चरण में गुजरात की सभी 26 सीटों और केरल की सभी 20 सीटों पर मतदान हो रहे हैं। इसके अलावा असम की चार, बिहार की पांच, छत्तीसगढ़ की सात, कर्नाटक और महाराष्ट्र में 14-14, ओडिशा की छह, उत्तर प्रदेश की दस, पश्चिम बंगाल की पांच, गोवा की दो और दादर नगर हवेली, दमन दीव तथा त्रिपुरा की एक-एक सीटों पर भी आज मतदान हो रहे हैं।
आज करीब 18.56 करोड़ मतदाता वोट डाल सकते हैं। तीसरे चरण के मतदान के लिए चुनाव आयोग ने 2.10 लाख मतदान केंद्र बनाए हैं। इसके अलावा सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। गुजरात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वोट डालने के लिए गांधीनगर पहुंचे। मतदान करने से पहले पीएम मोदी ने अपनी मां हीराबेन का आशीर्वाद लिया। हीराबेन ने पीएम मोदी को तिलक लगाकर एक चुनरी दी। जानकारी के मुताबिक, ये चुनरी पावागढ़ की माता कालिका मंदिर में चढ़ी हुई है। हीराबेन ने बेटे नरेंद्र मोदी को मिठाई खिलाकर जीत का आशीर्वाद दिया।