चैतन्य भारत न्यूज
बॉलीवुड की ‘धक-धक गर्ल’ यानी माधुरी दीक्षित आज 53 साल की हो गईं हैं। माधुरी की अदाकारी, डांस और खूबसूरती के कई लोग कायल हैं। माधुरी हिंदी सिनेमा की वो हस्ती हैं जिनकी जगह कोई दूसरी अभिनेत्री नहीं ले सकती। माधुरी के प्रति लोगों की दीवानगी इस कदर है कि वह जहां खड़ी हो जाएं वो जगह उनके नाम से ही जानी जाए। जी हां… आज हम आपको बताने जा रहे हैं एक ऐसी जगह के बारे में जो कि माधुरी के नाम से जानी जाती है।
बता दें अरुणाचल प्रदेश में सांगेसर झील जो कि बहुत ही खूबसूरत है। इस झील का दीदार करने लाखों पर्यटक हर साल आते हैं। इस झील को ही माधुरी के नाम से जाना जाता है। दरअसल इस झील के पास माधुरी दीक्षित का एक गाना फिल्माया गया था, जिसके बाद लोग सांगेसर झील को माधुरी झील कहने लगे। गाने की शूटिंग के दौरान माधुरी ने इस झील के करीब डांस भी किया था।
यह गाना अभिनेता शाहरुख खान और माधुरी की फिल्म ‘कोयला’ का था। इस फिल्म में शाहरुख और माधुरी विलेन (अमरीश पुरी) से दूर भागकर इस जगह आ जाते हैं। इस बीच एक गाना आता है- ‘तनहाई-तनहाई दोनों को पास ले आई।’ इसके बाद से संगेसर झील को माधुरी झील भी कहा जाने लगा।
बता दें यह झील भारत-चीन सीमा के करीब स्थित है और झील देखने के लिए लोगों को जिला आयुक्त से इजाजत लेनी पड़ती है। तवांग से इस झील तक पहुंचने में करीब दो घंटे लगते हैं। खास बात यह है कि केवल भारतीयों को ही इस झील तक जाने की अनुमति है। कहा जाता है समुद्र तल से 15,200 फीट की ऊंचाई पर स्थित सांगेसर झील भूकंप की वजह से बनी थी।