चैतन्य भारत न्यूज
भोपाल. मध्यप्रदेश में कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले 21 पूर्व बागी विधायक भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। सभी नेता पहले राजधानी दिल्ली स्थित भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। फिर उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
इन नेताओं ने जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और हाल ही में भाजपा में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली। इस मौके पर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि, ‘हमारे 22 विधायक आज भाजपा में शामिल हो गए। सभी पूर्व विधायकों को भाजपा टिकट देगी।’ उन्होंने आगे कहा कि, ‘भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सभी नेताओं को सदस्यता दिलाई। उन्होंने हमारा उत्साहवर्धन किया और सभी नेताओं को सम्मान देने की बात कही।’
Jyotiraditya Scindia, BJP: Our 22 MLAs have joined BJP today with the blessings of Party President JP Nadda. All will get tickets. He encouraged us and assured that everyone’s honour will be maintained. https://t.co/kgTnmQ90jw pic.twitter.com/nj4zlsmtQH
— ANI (@ANI) March 21, 2020
भाजपा परिवार का विस्तार हो रहा
केंद्रीय पंचायत राज एवं कृषि कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि, ‘मध्य प्रदेश में भाजपा के परिवार का विस्तार हो रहा है। केंद्रीय मंत्री धर्मेद्र प्रधान, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अनिल जैन, कैलाश विजयवगीय, सांसद राकेश सिंह और विधायक अरविंद भदौरिया ने अपनी भूमिका का बेहतर ढंग से निर्वहन किया है।’
विशेष विमान से दिल्ली लाए गए
बता दें इस्तीफा देने के बाद से ही ये सभी पूर्व विधायक बेंगलुरु के रिसोर्ट में ठहरे हुए थे। इसके बाद शनिवार को इन्हें विशेष विमान से दिल्ली लाया गया था। इस्तीफा देने वाले इन नेताओं में से 18 सिंधिया समर्थक हैं और चार ने सरकार से नाराज होकर पार्टी छोड़ी। इनमें वरिष्ठ विधायक रहे बिसाहूलाल सिंह ने पहले ही भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी।
भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों के नाम
रघुराज सिंह कंसाना, कमलेश जाटव, रक्षा सरोनिया, मनोज चौधरी, जजपाल सिंह जज्जी, सुरेश धाकड़, ओपीएस भदौरिया, गिरराज दंडौतिया, जसमंत जटावे, मुन्नालाल गोयल, महेंद्र सिंह सिसोदिया, रनवीर जाटव, हरदीप सिंह डंग, ब्रजेंद्र सिंह यादव, प्रद्युम्न सिंह तोमर, इमरती देवी, प्रभुराम चौधरी, गोविंद सिंह राजपूत, राजवर्धन सिंह, तुलसी सिलावट, ऐदल सिंह कंसाना और बिसाहूलाल सिंह शामिल हैं।