चैतन्य भारत न्यूज
भोपाल. महाराष्ट्र के बाद मध्यप्रदेश ऐसा राज्य है, जहां सर्वाधिक लोग आत्महत्या कर रहे हैं। जी हां… नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की साल 2017 की रिपोर्ट के मुताबिक, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा लोग आत्महत्या करते हैं। इसके बाद मध्यप्रदेश का नंबर आता है। साल 2017 में देशभर में 8129 लोगों ने आत्महत्या की थी, जिसमें 1488 लोग महाराष्ट्र और 968 लोग मध्यप्रदेश से थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, महाराष्ट्र में 537 पुरुषों ने तो 951 महिलाओं ने आत्महत्या की। वहीं मध्यप्रदेश में 707 महिलाओं ने आत्महत्या की जबकि पुरुषों की संख्या 262 है। इतना ही नहीं बल्कि साल 2016 में भी महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में सबसे ज्यादा लोगों ने आत्महत्या की थी। महाराष्ट्र की 768 और मध्यप्रदेश की 565 महिलाओं ने अपने हाथों से अपनी जिंदगी को खत्म कर लिया। साल 2017 में मध्यप्रदेश में 59 लोगों ने आत्महत्या के गंभीर प्रयास किए हालांकि समझाइश के बाद उनकी जान बचा ली गई।
एनसीआरबी की रिपोर्ट के मुताबिक, मध्यप्रदेश में क्रूड (असफल) आत्महत्या की दर 1.2 प्रतिशत है जो देश में तीसरे स्थान पर है। मध्यप्रदेश पुलिस ने 2017 में आत्महत्या से जुड़े मामलों में 1020 लोगों को गिरफ्तार किया, लेकिन आत्महत्या की कोशिश में असफल रहने वाले किसी भी व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं किया गया।
जानकारी के मुताबिक, मप्र और महाराष्ट्र में आत्महत्याओं की संख्या सर्वाधिक होने के बड़ा कारण किसानों की आत्महत्याएं भी हैं। बता दें साल 2017 में मध्यप्रदेश में दो बार किसान आंदोलन हुए। किसान आंदोलन के दौरान बहुचर्चित मंदसौर गोलीकांड भी साल 2017 (6 जून) में ही हुआ था।
इन राज्यों में सबसे ज्यादा लोगों ने आत्महत्या की
राज्य कुल आत्महत्या आत्महत्या के असफल प्रयास
महाराष्ट्र – 1488 246
मध्यप्रदेश – 968 59
आंध्रप्रदेश – 707 376
तेलंगाना – 664 177
उत्तरप्रदेश – 625 33
पश्चिम बंगाल – 580 0
देशभर में कुल – 8129 1944