चैतन्य भारत न्यूज
बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड की दुनिया तक अपनी पहचान बना चुकीं अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा इन दिनों फिल्म ‘द स्काई इज पिंक’ को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ है जिसे काफी पसंद किया जा रहा है। लेकिन प्रियंका इस फिल्म की वजह से मुश्किलों में फंसती हुईं नजर आ रही हैं।
फिल्म का ट्रेलर देखने के बाद प्रियंका को महाराष्ट्र पुलिस ने 7 साल की सजा की धमकी दे दी है। दरअसल इस फिल्म के एक डायलॉग में फरहान कहते हैं कि, ‘तुम देखना अदिति, एक दिन मैं इतने पैसे कमाऊंगा कि इन चीजों के बारे में सोचने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।’ इसके जवाब में प्रियंका कहती हैं कि, ‘एक बार आयशी ठीक हो जाए न, फिर साथ में बैंक लूटेंगे…’
प्रियंका के इसी डायलॉग को शेयर करते हुए महाराष्ट्र पुलिस ने ट्वीट किया कि, ‘आईपीसी की धारा-393 के तहत 7 साल की सजा और जुर्माना।’ पुलिस की यह धमकी मिलते ही प्रियंका को भी अपनी गलती का अहसास हो गया और उन्होंने इस ट्वीट को रीट्वीट करते हुए लिखा कि, ‘Oops… मैं रंगे हाथों पकड़ी गई… लगता है मुझे प्लान बी अपनाना पड़ेगा।’
प्रियंका ने अपने ट्वीट में फरहान को भी टैग किया है। बता दें इस फिल्म में प्रियंका के अलावा जायरा वसीम, फरहान अख्तर, रोहित सराफ भी मुख्य भूमिका में नजर आने वाले हैं। ‘द स्काई इज पिंक’ 11 अक्टूबर, 2019 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।