चैतन्य भारत न्यूज
2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 151वीं जयंती मनाई जा रही है। गांधी जी अपने सादा जीवन, उच्च विचार की वजह से दुनियाभर में मिसाल बन गए। उन्होंने अपने देश को आजादी दिलाने में तो योगदान दिया ही है, साथ ही बापू के रहन-सहन ने भी लोगों को अहम संदेश दिया है। गांधी जी फूड और डाइट को दवा के जैसा मानते थे। वह शाकाहार खाने को ही सबसे उत्तम आहार मानते थे। हम आपको आज गांधी जी के फिट रहने का राज बता रहे हैं, जिसे फॉलो करके आप भी खुद को फिट और हेल्दी रख सकते हैं।
गुनगुने पानी में नींबू और शहद
महात्मा गांधी रोजाना अपने दिन की शुरुआत गुनगुने पानी में नींबू और शहद डालकर पीने से करते थे। वह सुबह और शाम दोनों समय इसे पीते थे और पूरा दिन ऊर्जावान रहते थे।
अंकुरित चना
अंकुरित चना स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद होता है। गांधी जी भी खुद को फिट रखने के लिए रोजाना नाश्ते में अंकुरित चना या फिर गेंहू का सेवन करते थे। इससे उनकी पाचन प्रक्रिया भी दुरुस्त रहती थी।
शाकाहारी भोजन
गांधी जी शाकाहारी थे। उन्हें हरी सब्जियां और फल का सेवन करना बहुत पसंद था। भोजन में वह रोटी और सादे दाल-चावल खाना पसंद करते थे। साथ ही वे रोजाना खीरा, हरे पत्ते वाली सब्जियां और मूली भी खाते थे।
मेवा और दूध
महात्मा गांधी बादाम और किशमिश जरूर खाते थे। साथ ही वह नियमित रूप से दूध पीते थे। उनकी प्राथमिकता बकरी का दूध होती थी। इससे उनकी हड्डियां मजबूत रहती थीं।
घी
बापू रोजाना भोजन में करीब 22 ग्राम घी जरूर खाते थे। बता दें घी आंखों के लिए बहुत फायदेमंद होता है और यह ऊर्जा का भी अच्छा स्त्रोत है।
दही और ताजे फल
भोजन के अलावा गांधी जी नियमित रूप से दही भी खाते थे। बता दें दही खाना पचाने के लिए लाभकारी होता है। फलों में उन्हें आम खाना बहुत पसंद था। बापू रोजाना ताजे फलों का सेवन जरूर करते थे।
इन चीजों से करते थे परहेज
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गांधी जी को शुगर, ब्लड प्रेशर और किडनी से जुड़ी समस्याएं थीं। लेकिन उन्होंने सिर्फ स्वस्थ डाइट के दम पर ही खुद को सेहतमंद रखा था। वह चीनी का सेवन बहुत कम करते थे। इसके अलावा एक समय पर गांधी जी ने चाय को भी त्याग दिया था।