चैतन्य भारत न्यूज
सिवनी. मौत कब और किसको अपनी चपेट में ले ले, ये किसी को भी पता नहीं होता है। ऐसा ही एक मामला मध्यप्रदेश से सामने आया है जिसने सभी को हैरान कर दिया है। यहां गणेश विसर्जन के बाद एक शख्स की नागिन डांस करते-करते ही मौत हो गई। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना गुरुवार रात तकरीबन 10 बजे की है।
मध्य प्रदेश के सिवनी में गणेश विसर्जन के बाद पंडाल में नागिन डांस करते हुए युवक की मौत #GaneshVisarjan pic.twitter.com/bWzxBBBbGO
— Manish Jha (@manishjha11) September 14, 2019
यह घटना सिवनी जिले के कान्हीवाड़ा थाना अंतर्गत ग्राम कटिया की है। यहां भगवान गणेश की मूर्ति विसर्जन के बाद लोग नाच-गाने में व्यस्त थे। इसी दौरान कुछ युवा डीजे पर नागिन डांस कर रहे थे। एक युवक साड़ी पहनकर स्टेज पर आकर डांस कर रहा था और उसके साथ में राजकुमार ठाकुर नाम का युवक संपेरा बन कर रुमाल को बीन बनाकर नाचने लगा।
डांस करने के दौरान उसने एक ऐसी स्टेप की जिसमें वो सिर के बल गिर गया और जमीन पर लेट गया। जब वह थोड़ी देर तक नहीं उठा तो आसपास खड़े लोगों ने उसे हिला-डूलाकर देखा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। फिर लोगों ने आनन फानन में पुलिस को सूचित किया। मृतक के पिता गुरुप्रसाद ने बताया कि, पिछले दिनों राजकुमार एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया था जिसमें उसके सिर में गहरी चोट लगी थी। हालांकि उपचार के बाद वह पूरी तरह ठीक हो गया था।