चैतन्य भारत न्यूज
‘कैप्टन कूल’ कहे जाने वाले क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल सीजन-12 के फाइनल मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने एक रन से हरा दिया। मैच हारने के बाद धोनी ने अपनी प्रतिक्रिया दी। धोनी ने कहा कि, दोनों टीमों ने कई गलतियां की और एक समय ऐसा आया था जब दोनों एक दूसरे को ट्रॉफी की ‘पासिंग’ कर रही थी।
धोनी ने कहा कि, ‘बतौर टीम हमारे लिए यह काफी अच्छा सीजन रहा। हमारे लिए मध्यक्रम एक बार भी नहीं चमका लेकिन हम फाइनल में पहुंचने में सफल रहे।’ धोनी ने आगे कहा कि, ‘यह देखना काफी दिलचस्प रहा कि किस तरह हम दोनों ही टीमें एक दूसरे को ट्रॉफी पास कर रहे थे। हमने कई गलतियां की। मुंबई की टीम ने भी ऐसा ही किया। लेकिन अंत में गलतियों की दौड़ में उसी की जीत हुई, जिसने एक गलती कम की थी।’ धोनी ने फाइनल मुकाबले को काफी अच्छा बताया। उन्होंने कहा, ‘यह बहुत अच्छा फाइनल मैच था और काफी करीबी भी था। मैच का फैसला अंतिम गेंद पर हुआ। इससे बेहतर और क्या हो सकता है। लेकिन हमें यह देखना होगा कि हमें कहां सुधार की जरुरत है।’
बता दें मुंबई ने चेन्नई को 150 रनों का लक्ष्य दिया था। लेकिन चेन्नई अपने लक्ष्य का पीछा करते हुए एक रन पीछे रह गई। इसी के साथ मुंबई ने चौथी बार आईपीएल की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। लेकिन चेन्नई का चौथी बार खिताब जीतने का सपना पूरा नहीं हो सका।