चैतन्य भारत न्यूज
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी वर्ल्ड कप 2019 के बाद से ही टीम से बाहर चल रहे हैं। इसे लेकर कई तरह के सवाल भी उठ रहे हैं। साथ ही धोनी के भविष्य को लेकर भी कई तरह की बातें की जा रही हैं। हाल ही में यह खबर सामने आई है कि धोनी चोटिल हैं और इस वजह से वे भारतीय क्रिकेट से बाहर हैं।
नवंबर तक कर सकते हैं टीम में वापसी
सूत्रों के मुताबिक, जब धोनी वर्ल्ड कप में खेल रहे थे तो उनकी पीठ में चोट लग गई थी। इसके बाद से ही धोनी चोट से जूझ रहे हैं। टूर्नामेंट के दौरान लगातार खेलने से उनकी चोट ज्यादा बढ़ गई। इसके अलावा धोनी की कलाई में भी चोट लगी है। सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि नवंबर तक धोनी चोट से उबर सकते हैं। इसके बाद वह टीम में वापसी कर सकते हैं।
सबसे फिर क्रिकेटर धोनी
गौरतलब है कि वर्ल्ड कप खत्म होने के बाद ही धोनी 2 महीने की छुट्टी पर चले गए थे। इस दौरान उन्होंने भारतीय सेना के साथ कश्मीर में 15 दिन की ड्यूटी की थी। इस वजह से वह वेस्टइंडीज दौरे के लिए उपलब्ध नहीं हो पाए थे। बता दें धोनी टेरिटोरियल आर्मी में ऑनरेरी लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर हैं। उनकी उम्र 38 साल हो चुकी है। बावजूद इसके धोनी की गिनती दुनिया के सबसे फिट क्रिकेटर्स में होती है।