चैतन्य भारत न्यूज
मुंबई. महाराष्ट्र के नवी मुंबई से पुलिस ने एक शख्स के पास से अनोखा सांप जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई जा रही है। इस मामले में शख्स को भी गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, इस सांप के दो मुंह है और यह लाल रंग का है। ये सांप सैंड बोआ प्रजाति का है जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारी मांग है। अंतरराष्ट्रीय डिमांड के चलते इस सांप को विदेशों में 3 करोड़ से लेकर 25 करोड़ रुपए तक की कीमत में बेचा जाता है।
पुलिस सहायक निरीक्षक नीलेश राणे के मुताबिक, इस सांप को नवी मुंबई के पनवेल इलाके के पास लगे एक वन्यजीव बाजार से उस वक्त जब्त किया गया, जब 20 वर्षीय जाधव नाम का व्यक्ति इसे बेचने की कोशिश कर रहा था। इस मामले में जाधव के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारों का कहना है कि, रेड सैंड बोआ सांप की खासियत है कि इसके अंदर जहर नहीं होता और इसका आकार भी अन्य सांपों के मुकाबले कुछ अलग ही होता है, यानी इसके सिर और पूंछ दोनों गोल होते हैं, जिसे देखने पर ऐसा लगता है जैसे इसके दोनों तरफ मुंह हो। दोमुंहे सांप का वास्तव में दो मुंह से कोई वास्ता नहीं होता है। दरअसल इस सांप की पूंछ की बनावट ऐसी होती है कि यह मुंह की तरह दिखाई देती है। खतरा होने पर ये सांप अपनी पूंछ को मुंह की तरह ही हवा में खड़ा कर लेता है। जिसके चलते इस सांप को दो मुंहा सांप कहते हैं।