चैतन्य भारत न्यूज
सोशल मीडिया ऐसा प्लेटफॉर्म है जहां कोई भी खबर आते ही तुरंत वायरल हो जाती है। कई बार सोशल मीडिया पर कलाकारों के निधन की अफवाह भी उड़ चुकी है। ऐसी ही अफवाह शुक्रवार को बॉलीवुड की दिग्गज अदाकारा मुमताज के निधन की फैलाई जा रही थी। जब अभिनेत्री के परिवार तक यह बात पहुंची तो उन्होंने मुमताज के निधन की खबरों को खारिज कर दिया।
बेटी ने किया निधन की अफवाह को खारिज
शुक्रवार को सोशल मीडिया पर ये खबर फैलाई जा रही थी कि मुमताज का निधन हो गया है। मुमताज के निधन की खबर सुनते ही फैंस हैरान रह गए। मुमताज के परिवार ने इन अफवाहों पर विराम लगाते हुए कहा कि, ‘वो पूरी तरह से स्वस्थ और तंदरुस्त हैं।’ साथ ही अभिनेत्री के परिवार ने ये भी कहा कि, मुमताज ये जानना चाहती हैं कि सभी लोग उनके बारे में ऐसी झूठी खबरें क्यों फैला रहे हैं?
पहले भी उड़ चुकी है निधन की अफवाह
गौरतलब है कि, पिछले साल अप्रैल में भी मुमताज के निधन की अफवाह उड़ी थी। इसके बाद मुमताज की छोटी बेटी तान्या ने इन अफवाहों को खारिज कर दिया था। तान्या ने अपनी मां का एक वीडियो शेयर कर बताया था कि वे पूरी तरह से स्वस्थ हैं। बता दें 70 वर्षीय मुमताज अपने परिवार के साथ लंदन में रहती हैं। उन्होंने बिजनेसमैन मयूर माधवानी से शादी की थी। मुमताज की दो बेटियां हैं। उनकी बड़ी बेटी का नाम नताशा हैं जिन्होंने अभिनेता फरदीन खान से शादी की है। मुमताज ने अपने करियर में करीब सौ फिल्में की हैं।